अब भाजपा के नहीं रहे चेतन बरागटा, निर्दलीय चुनाव लडऩे पर पार्टी की कार्रवाई

By: Oct 14th, 2021 12:08 am

निर्दलीय चुनाव लडऩे पर पार्टी की कार्रवाई, छह साल के लिए किए बाहर

राजेश मंढोत्रा – शिमला

आखिर वही हुआ, जिसकी आशंका थी। नामांकन वापसी के आखिरी दिन जुब्बल कोटखाई से भाजपा को बगावत नियंत्रित करने के मामले में कोई राहत नहीं मिली। न तो दिनभर चेतन बरागटा हाथ आए, न ही उन्हें मनाकर वापस बिठाया जा सका। इससे भी ज्यादा जख्मों पर नमक की स्थिति तब हो गई, जब चेतन बरागटा को बतौर निर्दलीय उम्मीदवार सेब चुनाव निशान मिल गया। उधर शाम को भाजपा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चेतन बरागटा को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। भाजपा के कार्यालय सचिव प्यार सिंह की ओर से यह जानकारी दी गई है। चेतन बरागटा वर्तमान में भाजपा आईटी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक थे। इससे अब दो सवाल खड़े हो गए हैं। सेब चुनाव निशान से मिलने से चेतन बरागटा और भाजपा को क्या नफा नुकसान होगा?

और दूसरा उपचुनाव से ठीक पहले सीट खाली होने के बाद से जुब्बल कोटखाई में भाजपा सरकार की ओर से किया गया निवेश का फल किसके खाते में जाएगा? मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस सीट पर एक ही दिन एक ही सभा में दो-दो एसडीएम ऑफिस दिए थे। एक जुब्बल में और एक कोटखाई में। इससे पहले ऐसा नहीं हुआ था। अब भाजपा इन घोषणाओं पर दावा तो कर रही है, लेकिन चेतन बरागटा भी उन्हें नरेंद्र बरागटा की उपलब्धि बता रहे हैं। इस सारे उठापटक के बीच भाजपा ने चेतन बरागटा पर बड़ी कार्रवाई भी कर दी है। अभी तक इस सीट को भी भाजपा ने न खाली किया है, न ही यह काम किसी और को दिया था। इसके साथ ही चेतन बरागटा के चुनाव प्रचार कर रहे मंडल भाजपा पर भी कोई एक्शन नहीं हुआ था, अब यह भी होने वाला है। इस बारे में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी संकेत दिया था कि पार्टी और सरकार आपस में बात कर इस बारे में फैसला लेंगे। (एचडीएम)

भाजपा अध्यक्ष बोले, तिकोने मुकाबले को तैयार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने शिमला भाजपा मुख्यालय दीपकमल में आईटी एवं मीडिया विभाग की एक बैठक ली। उनके साथ चुनाव प्रबंधन समिति के प्रमुख गणेश दत्त भी थे। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में चारों उपचुनावों को गंभीरता से लड़ रही है। हम सभी उपचुनावों में जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि जुब्बल नवार कोटखाई में नीलम सरैइक के अनुभवी उम्मीदवार है,ं जो तीन बार जिला पार्षद रह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हम इस सीट पर तिकोने मुकाबले को तैयार हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App