अपना अध्यक्ष तक नहीं चुन पा रही कांग्रेस, हमीरपुर में अनुराग ठाकुर का विपक्षी दल पर हमला

By: Oct 17th, 2021 6:11 pm

मंगलेश कुमार—हमीरपुर

हमीरपुर। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपने हमीरपुर दौरे के दौरान लगभग 10 करोड़ की लागत से बनी प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजनाएं जनता को समर्पित कीं। इसके साथ ही उन्होंने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के गसोता महादेव मंदिर में 53 लाख रुपए की लागत से बनने वाले गोसदन का शिलान्यास भी किया। शिलान्यास के उपरांत उन्होंने प्रसिद्ध गसोतेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलतेे हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अपना अध्यक्ष तक नहीं चुन पा रही है। एक परिवार से बाहर वे सोचते नहीं हैं। अब पार्टी ने अध्यक्ष का चुनाव एक साल और टाल दिया है, आखिर किस बात का डर है। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर, विधायक नरेंद्र ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। हमीरपुर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री का लोगों द्वारा जोर-दार स्वागत भी किया गया। गसोता महादेव कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने जनसमस्याएं भी सुनीं।

पत्रकारों से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक योजना के तहत आज उन्होंने चार मार्गों को जनता को समर्पित किया तथा गसोता महादेव गोसदन का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि गौसदन के निर्माण से क्षेत्र में बेसहारा पशुओं को सहारा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से गांवों के विकास को गति मिलती है। प्रदेश के गांवों को सड़कों से जोडऩे का काम पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी और तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल के समय हुआ था, अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से इस काम को गति मिल रही हैं।

जाहू में हवाई अडडे की मांग पर उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के आधार पर मंडी में हवाई अड्डे के निर्माण के लिए भूमि का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि उस आधार पर जाहू में हवाई अडडे का निर्माण नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन कि दृष्टि से हिमाचल में कहीं भी हवाई अड्डा बने हम उसका स्वागत करते हैं। उन्होंने उपचुनावों में पार्टी की जीत को सुनिश्चित बताते हुए कहा कि भाजपा ने चुने हुए जीतने वाले लोगों को टिकट दिए हैं तथा भाजपा के लोग प्रदेश के मुख्यमंत्री के चार साल के कामों को लेकर जनता में जा रहे हैं तथा तीनों विधानसभा सीटों और लोकसभा सीट पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App