कांग्रेस नेताओं को शोर पसंद

सरोआ में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष पर ली चुटकी

निजी संवाददाता-पंडोह
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के सरोआ में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर के लिए वोट मांगे। साथ ही मुख्यमंत्री कांग्रेस पर भी हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि प्रचार के दौरान कांग्रेस के नेता जिस तरह की भाषा इस्तेमाल कर रहे हैं वह उनके कार्यकर्ताओं को भी पसंद नहीं आ रही। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोरोना संकट आया तो कांग्रेस ने केवल शोर मचाने का काम किया, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस देश ने मजबूती से इसका सामना किया और आज देश से कोरोना समाप्त होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से इस बार भी भाजपा को भारी बढ़त देने का आग्रह करते हुए कहा कि दो तारीख को चुनाव परिणाम आएगा। चार तारीख को हम शानदार तरीके से दिवाली मनाएंगे, इस बार की दिवाली डबल जश्न वाली होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हिमाचल की 68 विधानसभा क्षेत्रों में 300.400 करोड़ के विकास कार्य चल रहे हैं। साथ ही सराज विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्य भी गिनाए।

प्रतिभा सिंह का नुकसान करवाना चाहते हैं मुकेश
मंडी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि लगता है मुकेश अग्निहोत्री कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह का नुकसान करवाना चाहते हैं। इसलिए वह इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को कांग्रेस के नेताओं द्वारा इस्तेमाल की जा रही भाषा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जीवन में इंसान को हर काम संभलकर करना चाहिए। मंडी के नेला में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के लोग सवाल खड़े कर रहे हैं कि जयराम ठाकुर ने चार साल में क्या किया। हमने गरीबों के लिए जो काम किए उसके बारे में कांग्रेस कभी सोच भी नहीं सकी। हमने गरीबों के इलाज के लिए हिमकेयर और सहारा योजना शुरू की।

कोरोना काल में कांग्रेस ने केवल शोर मचाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में भी कांग्रेस के नेता केवल शोर मचाते रहे। कांग्रेसी बेशक कुछ भी कहते रहे, लेकिन अगर पूरे देश में कोविड मैनेजमेंट में किसी राज्य ने बेहतर प्रदर्शन किया तो वह हिमाचल है। वैक्सीन लगाने में भी हिमाचल जैसा पहाड़ी प्रदेश अव्वल रहा। कांग्रेस के लोग तो ये प्रचार करते रहे कि कोरोना की वैक्सीन को मत लगवाओ इसके कई साइड इफेक्ट गिनवाए।
कांग्रेस नेता के भाषण से हर कोई आहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी में कांग्रेस नेता ने जिस तरह से भाषण दिया उससे हर कोई आहत है। कांग्रेस के नेता भी कहते हैं कि उस नेता की तो भाषा ही ऐसी है। कांग्रेस के लोगों ने भी कहा कि हमें भी उनकी ये भाषा पसंद नहीं आई। कांग्रेस नेता के भाषण से उनके कार्यकर्ता भी आहत हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मंडी के लोग उनको जवाब देंगे।
कांग्रेस के लोग क्या बैलगाड़ी से जाते थे
कांग्रेस के लोग कहते हैं कि मुख्यमंत्री तो हेलिकॉप्टर से जाते हैं। ये लोग क्या बैलगाड़ी से जाते थे। हिमाचल सरकार के पास 1993 से हेलीकॉप्टर रहा। कांग्रेस के शासनकाल में हेलिकॉप्टर के इस्तेमाल सभी लोगों को पता है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हम लोगों ने हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल वैक्सीन पहुंचाने, दुर्गम क्षेत्रों में फंसे लोगों को निकालने में किया।