ऊर्जा मंत्री ने किया स्मारिका का विमोचन

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव के समापन अवसर पर मंगलवार देर सायं पांवटा साहिब में बहु-उद्देश्यीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने महिला और पुरुष वर्ग के आयोजित कबड्डी खेल के आखिरी मुकाबलों का आनंद लिया तथा शरद महोत्सव के तहत आयोजित हाकी, कबड्डी, बैडमिंटन और वालीबाल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यमुना शरद महोत्सव के आयोजन की परिकल्पना तत्त्कालीन एसडीएम सीआरभी ललित द्वारा 1982 में की गई तथा 2018 में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस महोत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा प्रदान किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव 2021 की स्मारिका का भी विमोचन किया।

उपमंडल अधिकारी विवेक महाजन ने मुख्यातिथि को टोपी व शॉल भेंटकर सम्मानित किया और स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में कलाकारों द्वारा रासलीला की प्रस्तुति दी गई, जिसका लोगों ने भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान प्रियंका नेगी, बीडीसी अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष जिला भाजपा कुलदीप राणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया, एपीएमसी अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, सुभाष चौधरी सचिव ओबीसी मोर्चा हिमाचल प्रदेश, डीएसपी पांवटा वीर बहादुर, तहसीलदार वेद प्रकाश अग्रिहोत्री, आरएस बेदी, खंड विकास अधिकारी अनूप शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इससे पूर्व गत सायं ऊर्जा मंत्री ने 108 कलश यात्रा में भाग लिया। उन्होंने यमुना तट पर पूरे विधि-विधान एवं रीति-रिवाज के साथ संध्याकालीन यमुना पूजा अर्चना भी की।