फतेहपुर… किसके साथ चलेगा रैहन

चार हिस्सों में बंटे हलके की रैहन बैल्ट में सबसे ज्यादा वोटर, किसान और कर्मचारी अदा करेंगे अहम रोल

बलजीत चंबियाल – नूरपुर
इस बार फतेहपुर का उपचुनाव काफी रोचक होगा और इस चुनाव में कांग्रेस-भाजपा दोनों मुख्य राजनीतिक पार्टियों की प्रतिष्ठा दांव पर होगी। इस चुनाव में दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों में कौन फतेहपुर विधानसभा सीट को फतह करेगी या जीत किसी तीसरे के पाले में जाएगी। यह देखना दिलचस्प होगा।इस विधानसभा सीट पर कांग्रेस-भाजपा दोनों पार्टियों की सियासी प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है।

इस सीट पर कांग्रेस लगातार तीन चुनाव जीत कर हैट्रिक बना चुकी है, जबकि लंबे समय से भाजपा को यहां से जीत का इंतजार है, जिसके लिए भाजपा यहां से जीत हासिल करने के लिए काफी जोर लगा रही है। यहां तक कि वर्ष 2009 के उपचुनाव से लेकर 2021 के इस उपचुनाव तक भाजपा हर बार इस विधानसभा में नया प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतार रही है, परंतु तीनों बार हार का सामना करना पड़ा, जबकि कांग्रेस तीनों बार चुनाव जीत कर हैट्रिक बना चुकी है।

विकास के दाम पर जीतना चाहेगी भाजपा

इस बार कांग्रेस एक बार फिर इस सीट को जीत कर अपना जीत रथ आगे बढऩा चाहती है, वहीं केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकारें होने के कारण भाजपा के लिए यह उपचुनाव जीतना प्रतिष्ठा का विषय है। केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के कारण इसे डबल इंजन की सरकार भी कहा जाता है, इसलिए भाजपा विकास के दम पर इस उपचुनाव को जीतना चाहती ।

उपचुनाव…जोरदार बाजी

उपचुनाव में भाजपा ने बलदेव ठाकुर को चुनावी मैदान में उतार कर फतेहपुर को फतह करने के जोरदार प्रयास शुरू कर दिए है। वहीं, कांग्रेस की ओर से भवानी सिंह पठानिया को मैदान में उतारा है और वह इस उपचुनाव में प्रभावशाली ढंग से चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इस सीट को पुन: जीतना कांग्रेस को भी इतना आसान नहीं है, क्योंकि भाजपा भी पूरे दमखम से विकास के मुद्दे पर प्रचार में जुटी है।

रैहन में सबसे ज्यादा वोटर
फतेहपुर हलका चार बैल्टों में बंटा हुआ है, जिसमें रैहन बैल्ट, फतेहपुर बैल्ट, अनोह बैल्ट व रे, स्थाना बैल्ट है। अब फतेहपुर विधानसभा में रैहन बैल्ट पुनर्सीमांकन के समय से जुड़ी है। इससे पहले, यह बैल्ट नूरपुर क्षेत्र से जुड़ी थी। रैहन क्षेत्र में सबसे ज्यादा यहां वोटर हैं। घनी आबादी है। किसान और कारोबारी प्रमुख वर्ग हैं। इसके अलावा अन्य भी कोई वर्ग अपना अहम रोल अदा करेंगे।