झुग्गी में आग, 2 झुलसे

By: Oct 22nd, 2021 12:21 am

धनेश्वरी के पास पेश आया हादसा, घायलों को सिविल अस्पताल सुंदरनगर भेजा

दिव्य हिमाचल टीम-सुंदरनगर, डैहर
पुलिस थाना सुंदरनगर के तहत धनेश्वरी गांव के नजदीक झुग्गी झोपड़ी में आग लग गई। इसमें 2 प्रवासी लोग झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर भेजा गया है। जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार धनेश्वरी पुल के नजदीक पिछले लंबे समय से रह रहे प्रवासियों की झुग्गी झोपड़ी में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे गैस सिलेंडर में आग लग गई।

इससे झुग्गी.झोंपड़ी में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं स्थानीय लोगों द्वारा आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल विभाग की टीम में हर्ष पॉल, शेर सिंह, अजीत कुमार और संदीप चौधरी की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन उस समय तक पूरी झोंपड़ी जलकर राख हो चुकी थी। आग की चपेट में आने से दो लोग झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर में भर्ती करवाया गया है। जहां उनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है। आग लगने से झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले प्रवासी परिवार को करीब 50 से 60 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App