Himachal Upchunav : टंडन बोले, परिवारवाद से बाहर नहीं आना चाहती कांग्रेस

By: Oct 22nd, 2021 12:08 am

रामपुर में विपक्ष पर जमकर बरसे भाजपा के प्रदेश सह-प्रभारी संजय टंडन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – रामपुर बुशहर

कांग्रेस परिवारवाद से बाहर नहीं आना चाहती। इस पार्टी में परिवारवाद इतना हावी है कि आम कार्यकर्ता पूरी उम्र सक्षम होने के बाद भी कभी चुनाव नहीं लड़ सकता। दूसरी तरफ भाजपा आम कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यह बात रामपुर पहुंचे भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिस तरह से कोरोनाकाल में पूरे प्रदेश व देश को इस महामारी से उभारा है, वह अन्य देशों के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा कि महंगाई एक निरंतर प्रक्रिया है।

आज से पहले भी मंहगाई थी, लेकिन किस तरह से आम आदमी को राहत दी जाए, यह सिर्फ मौजूदा भाजपा सरकार ने ही सोचा है। उन्होंने कहा कि इसी का नतीजा होगा कि मंडी लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी खुशाल सिंह ठाकुर को रामपुर विस क्षेत्र के 20 हजार से अधिक लीड प्राप्त होगी। कांग्रेस नेता बौखलाहट में आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं। इस मौके पर विधायक बलवीर चौधरी, एपीएमसी चेयरमैन नरेश, भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता विजय गुप्ता भी मौजूद रहे।

कांग्रेस ने किया सेना का अपमान

मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी ने बेतुका बयान देकर पहले सैनिकों का अपमान किया और बाद में माफी मांगी। ऐसे ही ब्यान विधायक विक्रमादित्य सिंह दे रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने नेहरू के समय से परिवारवाद को बढ़ावा दिया है, इस अब भी देखा जा सकता है। अब वाड्रा के आगे गांधी लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता भविष्य को ध्यान में रखकर और विकास को आधार मानकर ही अपने मत का प्रयोग करता है।

सत्ता मिलते ही सारे वादे भूल गई भाजपा

मनाली में आनंद शर्मा-भूपेंद्र हुड्डा ने महंगाई पर घेरी केंद्र और प्रदेश सरकार.

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – मनाली

उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों को चुनावी मैदान में उतार दिया है। गुरुवार को मनाली विस के कटराईं में पूर्व केंद्रीय विदेश मंत्री आनंद शर्मा और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चुनावी हुंकार भरी। दोनों नेताओं ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की जमकर घेराबंदी की।

उन्होंने कहा कि भाजपा बेरोजगारी व महंगाई कम करने के नाम पर सत्ता में आई थी, लेकिन सत्ता हाथ में आते ही महंगाई व बेरोजगारी तीन गुना बढ़ा दी। हर साल सात करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन एक करोड़ लोगों को भी रोजगार नहीं दे पाई है। सरकार देश के संसाधनों को बेचने में जुटी हुई है। आज डीजल-पेट्रोल के दाम आसमान पर पहुंच चुके हैं। देश के करोड़ों युवा बेरोजगार हो चुके हैं। मंडी संसदीय प्रभारी कुलदीप शर्मा ने कहा कि यह समय प्रदेश व केंद्र की भाजपा की सरकारों को आइना दिखाने का है।

प्रतिभा सिंह को जिताकर दिल्ली भेजें

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि देश मे पिछले सात साल से देश में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। बड़े- बड़े सपने दिखाने वाले भारत के प्रधानमंत्री जनता को किए वादे भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि मंडी से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा को जिताकर दिल्ली भेजें। उन्होंने कहा कि पहाड़ से निकलने वाली हवा का असर पूरे देश मे देखने को मिलेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App