Himachal Upchunav : प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी उपचुनाव को भी तैयार

By: Oct 21st, 2021 12:12 am

देश के प्रथम मतदाता से मिले केंद्रीय व्यय पर्यवेक्षक, युवाओं से भी वोट डालने की अपील

मोहिंद्र नेगी – रिकांगपिओ

मंडी संसदीय उपचुनाव से पहले केंद्रीय व्यय पर्यवेक्षक भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी विमल कुमार मीणा ने भारत के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी से उनके आवास पर भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी। इस दौरान विमल कुमार मीणा ने कहा कि यह देश व हम सभी के लिए गौरव का विषय है कि आज 104 वर्ष की आयु में भी देश के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी 30 अक्तूबर को होने वाले मंडी संसदीय उपचुनाव में वोट देने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि हम सभी विशेषकर युवाओं को देश के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी से प्रेरणा लेनी चाहिए तथा लोकतंत्र के महापर्व में चुनाव वाले दिन अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। श्याम सरण नेगी ने व्यय पर्यवेक्षक से देश के प्रथम संसदीय चुनाव से लेकर अब तक हुए विभिन्न चुनाव के अनुभवों को भी साझा किया। श्याम सरण नेगी ने बताया कि वर्ष 1951 में आयोजित प्रथम संसदीय चुनाव से लेकर आज तक उन्होंने सभी लोकसभा, विधानसभा व पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में मताधिकार का प्रयोग किया है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।

उम्मीदवारों के खर्चों पर रखें नजर

रिकांगपिओ – मंडी संसदीय उपचुनाव के लिए नियुक्त केंद्रीय व्यय पर्यवेक्षक भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी विमल कुमार मीणा ने रिकांगपिओ में व्यय संबंधी कार्य में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से बैठक भी की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव संपन्न करवाने व राजनीतिक दलों व चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों द्वारा चुनाव के दौरान किए जाने वाले खर्चों पर कड़ी नजर रखें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App