आज नहीं थमेंगे एचआरटीसी के पहिए

समन्वय समिति ने स्थगित किया हड़ताल का ऐलान

नगर संवाददाता – धर्मशाला
एचआरटीसी कर्मचारियों ने सोमवार को होने वाली प्रदेश व्यापी हड़ताल परिवहन सचिव के आश्वासन के बाद स्थगित कर दी है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर्मचारियों की हड़ताल पर स्वयं संज्ञान लिया है। ऐसे में सोमवार को प्रदेश भर में एचआरटीसी की बसें चलती रहेगी और कर्मचारी काम छोड़ों आंदोलन में नहीं जाएंगे। हिमाचल पथ परिवहन संयुक्त समन्वय समीति ने हड़ताल सोमवार को दोपहर बाद को निगम प्रबंधन के साथ जेसीसी पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने के आश्वासन पर भी स्थगित की है। समीति उपाध्यक्ष मान सिंह ठाकुर व सचिव खमेंद्र गुप्ता ने बताया कि सोमवार को निगम के कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित कर दी है।

हर माह दें संगठन की रिपोर्ट
कांगड़ा। केसरिया हिंदू वाहिनी हिमाचल प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक मटौर में संपन्न हुई। प्रदेशाध्यक्ष मुख्य प्रकोष्ठ इंजी. चंद्र भूषण मिश्रा ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य प्रकोष्ठ, महिला मोर्चा व युवा मोर्चा के जिला अध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने जिला में संगठन की गतिविधियों को बढ़ाएं तथा प्रदेश कार्यकारिणी को उसकी रिपोर्ट हर माह प्रस्तुत करें। सभी मोर्चों को माह में दो गतिविधियां अनिवार्य रूप से करनी होंगी ताकि संगठन की प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और पुख्ता हो सके। इस मौके पर प्रदेश महासचिव डा. नरेश, प्रदेश सचिव एवं मीडिया प्रभारी संजीव, महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी सुरेखा , जिला कांगड़ा महिला मोर्चा वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी पंचम बाला के अलावा अन्य सदस्यों ने विचार रखे।