सिर्फ सराज के ही सीएम हैं जयराम, कांग्रेस के स्टार प्रचारक सुक्खू का भाजपा पर बड़ा हमला

By: Oct 22nd, 2021 12:07 am

निजी संवाददाता – सरकाघाट

कांग्रेस के स्टार प्रचारक और विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर प्रदेश के नहीं, बल्कि सिफऱ् सराज के ही मुख्यमंत्री बनकर ही रह गए है। इस कारण पूरे प्रदेश में विकास ठप पड़ा है। सरकाघाट में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के इन उपचुनावों में भाजपा प्रत्याशी की हार तय है और हार होने के बाद भाजपा के कई मंत्रियों की कुर्सी भी चली जाएगी। उसी डर से मुख्यमंत्री और उनके मंत्री कांग्रेस पर अनाप-शनाप बयान बाजी कर रहे हैं। महंगाई को लेकर सत्ता के बजाय विपक्ष में बैठी कांग्रेस को दोष मड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार को लेकर भी कांग्रेस को ही दोष दे रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस्तीफा भाजपा के ही स्वास्थ्य मंत्री राजीव बिंदल को देना पड़ा है। उन्होंने कहा कि कारगिल और शहीदों के नाम पर भाजपा राजनीति कर रही है। इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रंगीला राम राव, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, चंद्रशेखर और पवन ठाकुर ने सरकाघाट के तमाम विकास को लेकर कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने लोगों से 30 तारीख को कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के हक में मतदान करने का आग्रह किया है। इस अवसर पर प्रेम कौशल, यदुपति ठाकुर, सुरेश कुमार, डॉ. जयकुमार, योगराज, रिंकू चंदेल, सुमन ठाकुर, संजीव कुमार, अजय, अश्वनी, अखिल व अनिल शर्मा आदि उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App