जरवा शिव मंदिर का 20 लाख में जीर्णोद्धार

By: Oct 15th, 2021 12:22 am

400 वर्ष पुराने मंदिर को गिरा कर प्राचीन शैली में बनाया है भव्य मंदिर, काष्ठकला की अद्भुत मिसाल कायम, धार्मिक अनुष्ठान में उमड़ा आस्था का सैलाब

निजी संवाददाता-नोहराधार
20 लाख की लागत से जरवा में बने शिव मंदिर का गुरुवार को जीर्णोद्धार किया गया। सुबह करीब सात बजे से पहले मंदिर की छत पर खुनेवड स्थापित करने के बाद मंदिर निर्माण की आखिरी रस्म अदा की गई। इस आखिरी एवं महत्त्वपूर्ण रस्म को निभाने के लिए चार गांव के लोग सिंह करीब पांच बजे ही मंदिर के पास पहुंच गए थे। मंत्रोचारण व भोले शंकर के जयकारों के साथ खुनेवड लगाने का कार्य शुरू हुआ। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर सैकड़ों लोगों ने शिव महिमा का गुणगान करते यह रस्म अदा की। इस धार्मिक अनुष्ठान में उमड़ा आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र की करीब आधा दर्जन पंचायतों के चार हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। जरवा गांव दिनभर शिव भक्ति के रस में डूबा रहा।

लोगों ने रासा नृत्य पेश करके खूब मनोरंजन किया। शांद में आए सभी श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी अयोजन किया गया था। पुजारी दुला राम शर्मा ने बताया कि करीब 400 वर्ष पहले गांव के एक व्यक्ति को खेत में हल जोतते हुए एक शिव प्रतिमा मिली थी। प्रतिमा मिलने के बाद गांव के ही एक व्यक्ति को अपने में प्रतिमा दिखी और बताया कि गांव में शिव मंदिर का निर्माण करवाओ और प्रतिमा को मंदिर में स्थापित करो। उसके बाद चार गांव के लोगों ने जरवा में एक शिव मंदिर का निर्माण किया और मूर्ति को मंदिर में स्थापित कर दिया। इसी गांव के प्रोफेसर वेद प्रकाश, नरेश शर्मा व सुरेश सिंगटा ने बताया कि 400 वर्ष पुराना मंदिर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।

चार वर्ष पहले चार गांव के लोगों ने पुराने मंदिर को गिराकर उसके स्थान पर भव्य मंदिर बनाने का निर्णय लिया था। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए कारीगरों को किन्नौर से बुलाया गया था। मंदिर में अद्भुत काष्ठकला की मिसाल कायम की गई है। निर्माण कार्य में अढाई सालों से अधिक का समय लगा है, निर्माण कार्य पर 20 लाख से अधिक की राशि खर्च की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App