सिद्धू कांग्रेस के लिए खतरनाक; कैप्टन बोले, पार्टी जितना जल्दी बाहर निकाले, उतना ही बेहतर

By: Oct 21st, 2021 12:07 am

कैप्टन अमरेंदर सिंह बोले; पार्टी जितना जल्दी बाहर निकाले, उतना ही बेहतर

निजी संवाददाता— चंडीगढ़

पंजाब में जारी राजनीतिक दंगल में रोज नई-नई चीजें सामने आ रही हैं। पिछले महीने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन अमरेंदर सिंह ने मंगलवार को नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान करने के बाद बुधवार को कहा कि मैं अपने पंजाब के लिए काम करूंगा। अपने राज्य के लिए लड़ूंगा। सिद्धू पर वार करते हुए कैप्टन ने कहा कि सिद्धू के रहते कांग्रेस और नीचे जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंदर सिंह ने बुधवार को कहा, मैं अपने पंजाब के लिए काम करूंगा। मैं अपने राज्य के लिए लड़ूंगा। अगला मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर उन्होंने कहा, मुझे कुर्सी का मोह नहीं है।

मैंने पार्टी से कह दिया था कि अगले चुनाव के बाद मैं मुख्यमंत्री नहीं बनूंगा। चुनाव के बाद मैंने रिटायर होने की बात भी कही थी। उन्होंने कहा कि पार्टी को मेरा काम पसंद था। नवजोत सिंह सिद्धू के बारे में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सिद्धू को जितना जल्दी निकाल दे उतना ही बेहतर होगा। सिद्धू के रहते कांग्रेस और नीचे जाएगी। कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसानों के आंदोलन पर कैप्टन अमरेंदर सिंह ने कहा कि किसानों का मसला बातचीत से ही हल निकल सकता है। कैप्टन अमरेंदर सिंह ने पिछले दिनों कांग्रेस से अलग होने का औपचारिक ऐलान किया था। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से ही कैप्टन अमरेंदर कांग्रेस से अलग होने की बात लगातार कह रहे थे, लेकिन मंगलवार को उन्होंने नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया। कैप्टन अमरेंदर के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने ट्वीट कर नई पार्टी के ऐलान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कैप्टन अमरेंदर सिंह के हवाले से लिखा, पंजाब के भविष्य की लड़ाई जारी है। मैं जल्द ही अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान करूंगा, जो पंजाब, उसके लोगों और किसानों के हितों के लिए काम करेगी, जो एक साल से भी ज्यादा समय से अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

अमरेंदर अवसरवादी हैं, पंजाब को धोखा दिया

चंडीगढ़। पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अमरेंदर सिंह पर निशाना साधते हुए बुधवार को उन्हें अवसरवादी करार दिया। अमरेंदर सिंह ने एक दिन पहले ही घोषणा की थी कि वह अपना राजनीतिक दल बनाएंगे। रंधावा ने सिंह पर पिछले साढ़े चार साल से पंजाब को धोखा देने का भी आरोप लगाया। अमरेंदर सिंह ने मंगलवार को कहा था कि वह जल्द ही अपनी राजनीतिक पार्टी की घोषणा करेंगे और उम्मीद है कि अगर किसानों के मुद्दे का समाधान उनके हित में किया जाता है, तो भाजपा के साथ सीटों पर तालमेल हो जाएगा। दो बार के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह तब तक आराम नहीं करेंगे, जब तक कि वह अपने लोगों और अपने राज्य का भविष्य सुरक्षित नहीं कर लेते। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, कैप्टन अमरेंदर सिंह एक अवसरवादी नेता हैं, जो केवल अपने, अपने परिवार और अपने दोस्तों के बारे में सोचते हैं। पिछले महीने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ सिंह की मुलाकात का जिक्र करते हुए रंधावा ने कहा कि उन्होंने किसानों के चल रहे आंदोलन को सुलझाने का प्रयास नहीं किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App