फोरलेन विस्थापितों में आक्रोश

पनोह में फ्लाई-ओवर ब्रिज से सैकड़ों परिवारों को मिलेगी राहत

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन विस्थापित समिति ने फोरलेन निर्माण कंपनी, प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि समिति के साथ किए गए लिखित समझौते और बार- बार किए गए वायदों के अनुसार उनकी मांगों और समस्याओं को सुलझाने के लिए प्रयास किए जाएं। ताकि इस समय विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हजारों विस्थापित परिवारों को राहत मिल सके। समिति के प्रचार सचिव रणवीर सिंह ठाकुर ने कहा कि समिति के प्रधान राम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से मांग की गई है कि पनोह के पास उनके शताब्दियों पुराने रास्ते को बहाल करने अथवा फोरलेन एक्सप्रेस हाई-वे को आर-पार करने के लिए फ्लाई-ओवर ब्रिज का निर्माण करने के आदेश दिए जाएं ताकि उस क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को राहत मिल सके।

रणवीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों पर निर्माण कंपनी के बड़े बड़े वाहनों व मशीनरी आदि चलने के कारण उनकी हालत दयनीय हो गई है। सड़कें उखड़ जाने से गहरे गड्ढे पड़ गए हैं और धूल, मिट्टी के कारण आस-पास के घरों में रहना कठिन ही नहीं बल्कि असंभव हो गया है। कितने ही मकानों को पिछली तीन बरसातों में काफी हानि पहुंची है और कुछ किसानों को उनकी संपत्ति का मुआवजा नहीं दिया गया है। सरकार और प्रशासन लोगों की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिस कारण उनका जीवन कठिन हो गया है। उन्हें उजाड़कर उनके उचित बसाव और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कोई भी योजना तैयार नहीं की गई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि विस्थापितों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए। साथ ही उनसे बैठक करके उनकी सभी समस्याओं को निपटाया जाए।