लाहुल में बर्फबारी ने बढ़ाईं दुश्वारियां

By: Oct 25th, 2021 12:10 am

घाटी के सभी संपर्क मार्गों पर थमे बसों के पहिए, बिजली गुल रहने से घाटी के कई गांवों में अंधेरा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — केलांग
लाहुल-स्पीति में बर्फबारी के बाद जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। हालांकि, घाटी में छोटे वाहनों की आवाजाही जारी है, लेकिन बसों को संचालन घाटी के भीतर चलने वाले तमाम रूटों पर बंद हो गया है। रविवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम ने घाटी के भीतर अपनी बस सेवा पूरी तरह से बंद रखी। बर्फबारी के कारण कई गांवों में बिजली गुल होने से अंधेरा पसर गया है। जिला मुख्यालय केलांग में भी रविवार दोपहर को बिजली गुल रही। लाहुल घाटी में अक्तूबर महीने में ही बर्फ के फाहे गिरने से स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कड़ाके की ठंड पडऩे के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। बिजली, पानी और यातायात व्यवस्था पर बर्फबारी का सीधा असर देखने को मिल रहा है। घाटी में रविवार सुबह से ही कई गांवों में बत्ती गुल हो गई है।

घाटी में इन दिनों सेब की फसल तैयार हुई है। कई बागबानों ने अभी भी सेब का तुड़ान नहीं किया है। सेब के पेड़ों में बर्फ टिकने से फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। बर्फबारी अधिक हुई तो नकदी फसल आलू को भी नुकसान पहुंच सकता है। उधर, यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमरा गई है। हालांकि, कई संपर्क मार्गों पर छोटे वाहनों की आवाजाही जारी रही, लेकिन बसों का संचालन पूरी तरह से बंद रहा। घाटी के भीतर चलने वाले करीब एक दर्जन रूटों पर रविवार को बसें नहीं चली। जिला मुख्यालय केलांग से तिंदी, सलग्रां, भुजुंड, म्याड़, त्रिलोकीनाथ, उदयपुर, किलाड, नैनधार आदि इलाकों को जाने वाली बस सेवाएं रविवार को बंद रहीं। हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा ने बताया कि लाहुल घाटी के भीतर तमाम बस रूट बर्फबारी के कारण बंद हो गए हैं। बर्फबारी के कारण सड़क पर फिसलन का खतरा रहता है। लिहाजा, फिलहाल बस सेवाएं बंद कर दी गई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App