लाहुल-स्पीति, मनाली की चोटियों पर हिमपात

By: Oct 28th, 2021 12:10 am

मनाली-लेह मार्ग की बहाली का काम प्रभावित, पर्यटकों के घाटी में प्रवेश पर भी लगाई रोक

संजय भारद्वाज — केलांग
जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में फिर हिमपात हुआ है। मंगलवार रात और बुधवार सुबह पूरी घाटी में बर्फ के फाहे गिरे। मनाली की ऊंची चोटियों पर भी हिमपात हुआ है। रोहतांग दर्रा में एक फुट के करीब बर्फबारी होने की सूचना है। बारालाचा, शिंकुला दर्रा में फिर बर्फबारी होने से मनाली-लेह मार्ग की बहाली का कार्य बढ़ गया है। हालांकि, बुधवार को यातायात मार्ग बहाल होने की उम्मीद थी, लेकिन बर्फबारी की वजह से यातायात बहाल नहीं हो पाया। लाहुल प्रशासन ने पर्यटकों वाहनों को घाटी में आने पर प्रतिबंध लगाया है।

सुबह के समय लाहुल घाटी में एचआरटीसी की बस सेवा भी बंद रही। दोपहर को मौसम खुलने के बाद एचआरटीसी ने कुल्लू-केलांग और मनाली-केलांग बस सेवा शुरू की। मंगलवार रात को रोहतांग में करीब एक फुट बर्फबारी हुई है। कोकसर में पांच इंच, सिस्सू के नार्थ पोर्टल में छह इंच तक बर्फ गिरने की सूचना है। इससे घाटी का सौंदर्य निखर गया है। बर्फबारी के कारण लाहुल-स्पीति प्रशासन ने पर्यटकों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी है। प्रशासन ने पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने का आग्रह किया है। एसपी मानव वर्मा ने कहा कि घेपन मंदिर से आगे पर्यटक वाहनों को जाने की अनुमति नहीं है। बर्फ से सड़क पर फिसलन हो सकती है। इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है। उधर, मनाली की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने के बाद पर्यटन नगरी मनाली प्रचंड शीतलहर की चपेट में आ गई है। लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हंै।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App