तिंगरेट में मनाया आदि महोत्सव

By: Nov 21st, 2021 12:10 am

भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में किया आयोजन, कैबिनेट मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय ने किया शुभारंभ

कार्यालय संवाददाता — केलांग
भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में पहली बार हिमाचल के जनजातीय क्षेत्रों में महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। किन्नौर में इस महोत्सव का शुभारंभ सीएम जयराम ठाकुर और लाहुल-स्पीति में कैबिनेट मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय ने किया। लाहुल के दुर्गम मयाड़ घाटी के तिंगरेट गांव में मंत्री ने आदि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान मंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्पांजलि आर्पित करते हुए उनके संघर्षों को नमन किया। यह महोत्सव पूरे देशभर में 16 से 30 नबंवर तक आयोजित किया जा रहा है।

राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव के रूप में पूरे देश में मनाए जा रहे आदि महोत्व पखवाड़ा के आयोजन की शृंखला में जनजातीय विकास मंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में आयोजित किए जा रहे महोत्व में शिरकत की। मंत्री ने कहा कि जनजातीय अधिकारों के संघर्ष में बिरसा मुंडा को जनजातीय समुदाय के नायक के रूप जाना जाता है। जनजातीय समुदाय में उन्हें भगवान का दर्जा दिया गया है। उन्होंने कहा कि आदि महोत्व का मकसद जहां एक और भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षों को याद करके जनजातीय अधिकारों के लिए संघर्ष का प्रण लेना है वहीं, पर आदिवासी संस्कृति की भावना, शिल्प, भोजन, व्यापार एवं आदिवासी कला तथा हस्तशिल्प को बढ़ावा देना है। इस मौके पर उरगोस महिला मंडल ने लोकनृत्य एवं लोकगीत की प्रस्तुतियां पेश कर मयाड़ घाटी समृद्ध संस्कृति का प्रदर्शन किया। महोत्सव में लाहुल की हस्तशिल्प कला के लिए मशहूर ऊनी वस्त्रों, जुराब, टोपी, पट्टी, थोबी के साथ छरमा से बने उत्पादों का प्रदर्शनी भी लगाई गई। रविवार को सलपट गांव में आदि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App