मंडल के पास कोई अधिकार नहीं

By: Nov 26th, 2021 12:45 am

निष्कासन पर कांग्रेस प्रदेश सचिव दलीप सिंह चौहान का जोरदार हमला
निजी संवाददाता-शिलाई
शिलाई मंडल कांग्रेस द्वारा प्रदेश सचिव एवं पूर्व में रहे जिला परिषद चेयरमैन दलीप सिंह चौहान के निष्कासन पर उन्होंने शिलाई कांग्रेस मंडल को आड़े हाथों लिया है। शिलाई मंडल कांग्रेस पर पलटवार करते हुए दलीप सिंह चौहान ने कहा कि मंडल को उन्हें पार्टी से निष्कासित करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चंद लोगों को जनता में बढ़ रही उनकी लोकप्रियता अखर रही है। जिसकी वजह से पार्टी के चंद लोगों ने असंवैधानिक कदम उठाते हुए निष्कासन की बात की है। उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने पार्टी के विरुद्ध कोई कार्य किया है और न ही उन्होंने ऐसा कोई कदम उठाया है जिससे उन पर निष्कासन की नौबत आए।

उनका खानदान तीन पुश्तों से कांगे्रस पार्टी के साथ है तथा पार्टी का कार्य कर रहे हैं। गत दिनों हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी हित में दं्रग विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर पार्टी के लिए कार्य किया जो कि पार्टी के उच्च पदाधिकारियों व जनता को मालूम है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के सच्चे सिपाही थे सच्चे सिपाही हैं और आगे भी रहेंगे। उनके खिलाफ मुठ्ठी भर लोगों द्वारा षड्यंत्र रचा जा रहा है। पार्टी में कुछ लोग चाहते हैं कि मंडल कार्यकारिणी उनकी मुठ्ठी में है जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि उनकी पार्टी के गतिविधियों के खिलाफ कोई भी बात सामने आती है या कोई साबित कर देता है तो वह हर सजा भुगतने को तैयार हैं, लेकिन शिलाई मंडल द्वारा जारी निष्कासन पार्टी के संविधान के विरुद्ध है। न तो मंडल के पदाधिकारी उन्हें पार्टी से निष्कासित कर सकते हैं न ही मंडल पदाधिकारियों के क्षेत्र अधिकार में है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App