लाहुल में कांग्रेस ने मनाई दिवाली

By: Nov 3rd, 2021 12:20 am

प्रतिभा सिंह की जीत पर पूर्व विधायक रवि ठाकुर की अध्यक्षता में निकाला विजय जुलूस, जमकर फोड़े पटाखे

संजय भारद्वाज — केलांग
मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के भारी मतों से जीतने के बाद लाहुल-स्पीति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार जीत का जश्न मनाया गया। हल्की बर्फबारी के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंडी संसदीय सीट से जीत हासिल करने वाली कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के नाम के नारे लगाए, वहीं कंप कंपाती ठंड के बीच भी कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था, लाहुल-स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर की अध्यक्षता में मनाए गए इस जीत के जश्न के दौरान जहां कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी भी की, वही कार्यकर्ताओं का कहना था कि सत्ता परिवर्तन की शुरुआत लोकसभा के उपचुनाव से हो चुकी है।

ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी भारी मतों से जीत हासिल कर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। मंगलवार को आए उपचुनावों के नतीजों ने जहां यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश में अब सत्ता परिवर्तन तय है, वहीं लाहुल घाटी में 2147 मतों की लीड से मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह भाजपा पर भारी पड़ी है। उधर, लाहुल-स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने कहा है कि मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह की जीत से यह तय हो गया है कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा है कि खराब मौसम व बर्फबारी के बीच भी कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। रवि ठाकुर ने कहा है कि लाहुल-स्पीति की जनता ने कांग्रेस पर अपना विश्वास जता यह दर्शा दिया है कि आगामी समय में प्रदेश की जयराम सरकार का जाना अब तय हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मिली लीड का श्रेय वे कार्यकर्ताओं को देते हैं, जिन्होंने खराब मौसम व कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी चुनाव प्रचार किया और नतीजों को कांग्रेस के हक में लाकर दिखाया। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App