नाहन की सड़कें हो रहीं चकाचक

शहर में अब नहीं नजर आएंगे खस्ताहाल रोड, इंटरलॉक टाइल्स बिछाकर बढ़ाई जा रही शोभा

सिटी रिपोर्टर-नाहन
जिला मुख्यालय नाहन में लंबे अरसे के बाद शहर की सड़कों का कायाकल्प हो रहा है। बरसातों के बाद नाहन दिल्ली गेट से उपायुक्त कार्यालय को जाने वाली खस्ताहाल सड़क को जहां मरम्मत कर चकाचक किया जा रहा है। वहीं सर्कुलर रोड व नाहन शहर की सड़कों पर कार्य जोरों से चला हुआ है। दिल्ली गेट से उपायुक्त कार्यालय को जोडऩे वाली सड़क को लोक निर्माण विभाग द्वारा कोलतार बिछाकर पक्का किया जा रहा है।

गौर हो कि नाहन शहर सड़क मार्गों की हालात को लेकर पूर्व से ही शहरवासियों द्वारा सवाल खड़े किए जाते रहे हंै। नाहन में गलियों से लेकर सड़कों की खस्ताहाल को लेकर प्रयोग होते रहे हंै। रियासतकालीन नाहन शहर गलियों व सड़कों पर जहां पत्थरों के चक्के शहर की शोभा रहे। लगभग एक दशक पूर्व इन चक्कों को हटाकर नाहन सड़कों व गलियों में इंटरलॉक टाइल्स को करोड़ों की राशि व्यय कर सौंदर्यीकरण की दृष्टि से बिछाया गया। जिसके बाद भी शहरवासियों की शिकायतें कम नहीं हुर्इं।

बरसात से खराब हुए रोड हो रहे दुरुस्त
उधर लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता इंजीनियर वीके अग्रवाल ने बताया कि बरसातों के बाद खराब हुई सड़कों को पूरे नाहन मंडल में ही दुरुस्त किया जा रहा है। इस कड़ी में नाहन की सर्कुलर रोड सहित दिल्ली गेट से डीसी कार्यालय सड़क को पक्का किया जा रहा है। जबकि मेला श्रीरेणुकाजी के मद्देनजर दो सड़का से रेणुकाजी मार्ग को दुरुस्त कर मार्ग को चकाचक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सड़कों को अन्य मार्गों पर दुरुस्त करने के लिए अब ठेकेदारों के माध्यम से भी कार्य लिया जा रहा है, जिसे पूर्व में विभागीय लेबर द्वारा करवाया जाता रहा हैं।