शपथ लेते ही तीसरी बार सांसद बनीं प्रतिभा सिंह, मंडी के विकास को ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प

By: Nov 29th, 2021 6:18 pm

विशेष संवाददाता—शिमला

शिमला। मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह ने पद और गोपनीयता की शपथ ले ली है। उन्होंने सोमवार को दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के समक्ष यह शपथ ग्रहण की। उन्होंने अंग्रेजी भाषा में शपथ ली। प्रतिभा सिंह तीसरी बार संसद में पहुंची हैं। इससे पूर्व वे 2004 और 2013 में उपचुनाव जीतकर वे सांसद बन चुकी हैं।

शपथ ग्रहण के लिए पिछले दिनों प्रतिभा सिंह दिल्ली रवाना हुई थीं। पद और गोपनीयता की शपथ लेते ही सांसद प्रतिभा सिंह का कार्यकाल भी शुरू हो गया है। गौरतलब है कि मंडी उपचुनाव में सांसद प्रतिभा सिंह ने भाजपा प्रत्याशी खुशाल ठाकुर को 7490 मतों से पराजित किया था। प्रतिभा सिंह को कुल 369565 मत मिले थे। उन्होंने कुल मतदान के 49.14 प्रतिशत मत हासिल किए, जबकि भाजपा को इस सीट पर 48.10 फीसदी मत मिले थे।

उपचुनाव में 12661 मतदाताओं ने नोटा का भी इस्तेमाल किया है। दो नवंबर को यह परिणाम सामने आए थे। सत्तासीन भाजपा को प्रतिभा सिंह के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा है। मंडी की सीट पूर्व सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के बाद खाली हुई थी। प्रतिभा सिंह की इस जीत के बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता होलिलॉज शिमला में लग गया था। दूरदराज क्षेत्रों से कार्यकर्ता शिमला पहुंच कर उन्हें बधाई दे रहे थे। अब प्रतिभा सिंह का शपथग्रहण हो गया है और आधिकारिक तौर पर वे मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद हो गई हैं।

सांसद प्रतिभा सिंह ने शपथग्रहण के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें लोगों की सेवा करने का अवसर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र के लोगों का भी आभार जताया है। उन्होंने कार्यकाल में मंडी के विकास पर जोर देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि एकरूपता बनाने के लिए वे मंडी में एक कार्यालय खोलेंगी ताकि लोगों की समस्याएं उन तक पहुंच पाएं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App