रेणुकाजी को मुख्यमंत्री से कई सौगातों की उम्मीद

सिटी रिपोर्टर-नाहन
अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेला 2021 में रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के मेला शुभारंभ पर प्रस्तावित दौरे से उनकी लंबित मांगें पूरी होंगी। कोराना काल के दो वर्षों के बाद अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेला 2021 का आयोजन कोरोना प्रोटोकॉल के बीच आयोजित किया जा रहा है। जिसके शुभारंभ के लिए भाजपा रेणुकाजी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को रेणुकाजी आगमन व मेला का शुभारंभ का न्यौता दे दिया है।

क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि भाजपा सरकार के चार वर्ष बीतने के बाद इस चुनावी वर्ष में सौगातें मिल जाएंगी।वहीं यह भी परंपरा है कि वर्ष में एक बार मुख्यमंत्री के आगमन से रेणुमंच से क्षेत्र के विकास की घोषणाओं की पिटारा खुलता है, जिसका इलाका वासी वर्ष भर इंतजार करते हंै। पूर्व मंडल अध्यक्ष अरुण गर्ग, मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा, भाजपा के पूर्व एससी एसटी निगम उपाध्यक्ष बलबीर चौहान, जिला परिषद सदस्य ददाहू वार्ड सुरेंद्र सूर्या, बीडीसी चेयरमैन संगडाह मेला राम शर्मा इत्यदि ने पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मेला के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए विकास योजनाओं के लिए खाका तैयार किया है। गौर हो कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का जिला के चार विधानसभा क्षेत्रों में दौरा इससे पूर्व हो चुका हैं। चारों विधानसभा क्षेत्रों में इलाका वासियों को भाजपा नेताओं की सिफारिश पर सौगातें भी मिली हैं। अब पूर्व से ही विकास में पिछड़े रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र ने यहां केंद्र बिंदु स्थल ददाहू में जहां बीडीओ कार्यालय, विद्युत मंडल के साथ ददाहू बस अड्डा और ददाहू डिग्री कालेज के भवन की आस लगाई है। रेणुकाजी के पांचों जोन से मांगों की लिस्ट तैयार की जा रही है। आगामी 13 नवंबर को कार्तिक शुक्ल पक्ष दशमी तिथि को भगवान परशुराम की देवपालकियों के साथ रेणुकाजी मेला का शुभारंभ होगा, जिसे परंपरा अनुसार प्रदेश के मुख्यमंत्री देवपालकियों में माथा टेककर पालकियों को उठाकर शुभारंभ करते आए हैं।