श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम की छह खिलाड़ी पॉजिटिव, नेगेटिव आने तक जिम्बाब्वे में ही रहेंगी

By: Nov 29th, 2021 3:54 pm

हरारे। श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम की छह खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पायी गयी हैं। श्रीलंका क्रिकेट ने बताया कि जिम्बाब्वे में विश्वकप क्वालीफायर में हिस्सा लेने वाली श्रीलंका महिला टीम की छह खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं।

दक्षिण अफ्रीका में कोरोना का नया वेरिएंट पाए जाने के बाद आईसीसी ने जिम्बाब्वे में चल रहे क्वालीफ़ायर टूर्नामेंट को रद्द कर दिया था। हालांकि अभी यह सामने नहीं आया है कि पाजिटिव पाई गईं खिलाड़ी ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित हैं या नहीं। वेस्टइंडीज़ बनाम श्रीलंका का मुकाबला, श्रीलंका सहायक स्टाफ के सदस्य के कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद रद्द कर दिया गया था। इसी के बाद आईसीसी ने क्वालीफ़ायर को रद्द करने का फ़ैसला किया।

श्रीलंका क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऐश्ली डीसिल्वा ने बताया कि टीम अभी भी जिम्बाब्वे में हंै और उन्हें जल्द से जल्द वापस श्रीलंका लाया जाएगा। जो खिलाड़ी पॉजिटिव पाई गईं हैं, उन्हें तब तक वहीं रहना होगा, जब तक उनका टेस्ट नेगेटिव नहीं आ जाता है।

डॉक्टर टीम के साथ थे, जो उनकी देखरेख के लिए वहां मौजूद रहेंगे। टीम में जो खिलाड़ी संक्रमित नहीं हुईं हैं, वे जल्द ही वापस लौट सकती हैं। उन्हें श्रीलंका पहुंचने पर क्वारंटीन रहना होगा, क्योंकि श्रीलंकाई सरकार ने ओमिक्रॉन वेरिएंट को देखते हुए अफ्रीका महाद्वीप के दक्षिणी देशों से आने वाले यात्रियों के लिए यह जरूरी नियम बनाया है। श्रीलंका टीम की सभी सदस्य इस वक्त जिम्बाब्वे में आइसोलेशन में हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App