डिहनू राम को उत्कृष्ट कार्यों पर दिया सम्मान

By: Dec 3rd, 2021 12:55 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंबा
जिला चंबा की पंचायत झुलाड़ा के भभर गांव के निवासी 70 वर्षीय डिहनू राम शर्मा को बागबानी एवं कृषि में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया। डिहनू राम शर्मा को यह सम्मान बागबानी और वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के 37वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित समारोह के दौरान वनमंत्री राकेश पठानिया ने प्रदान किया। समारोह में कृषि एवं बागबानी मंत्री महिंद्र सिंह ठाकुर भी विशेष तौर से मौजूद रहे। भभर गांव के प्रगतिशील किसान डिहनू राम वर्तमान में सेब, टमाटर, मक्की व कीवी की खेती कर रहे हैैं। डिहनू राम शर्मा आज अपनी मेहनत के बल पर दूसरे किसानों और बागबानों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बन चुके हैं।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपने परिवार व कृषि एवं बागबानी विभाग को दिया, जिनके सहयोग व समय-समय पर उचित मार्गदर्शन से यह सब संभव हो पाया है। डिहनू राम शर्मा ने बताया कि समारोह के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी वर्चुअल माध्यम से किसानों-बागबानों एवं विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के साथ संवाद किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया है कि वे भी खेतीबाड़ी व बागबानी के क्षेत्र में कार्य कर खुद को आर्थिक तौर से स्वालंबी बनाएं। बहरहाल, डिहनू राम शर्मा को प्रगतिशील किसान के तौर पर सम्मान मिलने से जिला में खुशी की लहर दौड़ गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App