Himachal Police: हिमाचल पुलिस को राष्ट्रपति कलर अवार्ड, राज्यपाल आर्लेकर ने सौंपा सम्मान

By: Dec 2nd, 2021 12:08 am

शिमला में समारोह के दौरान राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने सौंपा सम्मान

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला

शिमला के एतिहासिक रिज पर पुलिस विभाग के सौजन्य से प्रेजिडेंट कलर अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में शामिल रहे। राज्यपाल ने प्रदेश पुलिस को राष्ट्रपति कलर अवार्ड से सम्मानित किया। यह पुरस्कार पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने प्राप्त किया। राज्यपाल ने परेड़ का निरीक्षण किया। पुलिस बैंड द्वारा होलो स्क्वेयर व बैंड की धुनों की प्रस्तुति दी गई। राज्यपाल ने प्रदेश पुलिस को प्रेजिडेंट कलर मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि यह भारत का आठवां राज्य पुलिस बल है, जिसे यह गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस को प्रेजिडेंट कलर पुरस्कार मिलना एक विशेष उपलब्धि है। यह पुरस्कार प्रदेश पुलिस के कर्मियों के अथक योगदान के लिए प्रदान किया गया है, जिन्होंने विश्वसनीय, व्यवसायिक और ईमानदारी से एक जन हितैषी के रूप में वर्षों अथक कार्य किया है। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, नगर निगम शिमला की महापौर सत्या कौंडल, पुलिस विभाग व सेना के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व पुलिस अधीक्षक गण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश पुलिस को उल्लेखनीय सेवाओं के लिए भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रेजिडेंशियल अवार्ड प्राप्त होने पर बधाई दी।

यह पुरस्कार नहीं एक जिम्मेदारी

पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने कहा कि प्रेजिडेंट कलर केवल एक पुरस्कार नहीं, अपितु यह एक जिम्मेदारी भी है, जिसे हिमाचल प्रदेश पुलिस को अब और अधिक ईमानदारी, दक्षता और अनुशासन के साथ निभाना है। पुलिस का प्रत्येक जवान देवभूमि हिमाचल प्रदेश की सुरक्षा और यहां शांति बनाए रखने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने राज्यपाल को प्रेजिडेंटस कलर पुरस्कार प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा।

देश भर में हिमाचल नंबर वन

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला

मोस्ट इंम्प्रूव्ड बिग स्टेट्स इन हैल्थ सर्वे में हिमाचल प्रदेश को देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह सर्वे इंडिया टूडे समूह द्वारा करवाया गया था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस उपलब्धि के लिए राज्य के स्वास्थ्य विभाग और प्रथम पंक्ति के योद्धाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की केंद्र सरकार और अन्य राज्यों ने भी सराहना की है। उन्होंने कहा कि राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश ने शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों को कोविड टीकाकरण की प्रथम खुराक प्रदान करने में देश में पहला स्थान हासिल किया है। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में दस हजार ऑक्सीजन बेड, 1,014 वेंटिलेटर और 80 मीट्रिक टन प्रतिदिन ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की है। सरकार द्वारा 32 स्थानों पर नए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए और 2700 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी उपलब्ध करवाए गए हैं। पॉजिटिव केसों का पता लगाने के लिए एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान चलाया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App