पठानकोट में कल से पनबस कर्मचारियों की हड़ताल

By: Dec 6th, 2021 12:02 am

निजी संवाददाता — पठानकोट

पंजाब की चन्नी सरकार भी तानाशाही रवैया पर उतर आई है। कर्मचारी यदि अपना हक मांगने के लिए आवाज उठाते हैं, तो उन पर पर्चा करवाया जा रहा है। इसी के रोषस्वरूप सात दिसंबर से प्रदेश स्तर पर समूह पनबस कर्मियों ने हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। यह बात पंजाब रोडवेज पनबस सेंटर बाडी के सदस्य जोगिद्र पाल लवली व राज कुमार ने कही। इस दौरान उनके साथ शाखा प्रधान सुखविद्र सिंह व महासचिव कमल ज्योति भी थे। पदाधिकारियों ने कहा कि हक मांगना कोई जुर्म नहीं है। पहले मुख्यमंत्री कैप्टन ने और फिर नए परिवहन मंत्री राजा अमरिदर सिंह वडि़ंग ने आश्वासन दिया था उन्हें पहल के आधार पर पक्का किया जाएगा, लेकिन एक महीना से अधिक समय होने के बाद भी उन्हें रेगुलर नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि तीन दिसंबर को कर्मचारियों ने हकों के लिए रैली निकाली, तो उन पर पर्चा दर्ज करवा दिया गया। इससे लगता है कि सरकार पनबस कर्मियों के आंदोलन से घबरा गई है। उन्होंने कहा कि संघ की मांग की है कि 10,000 सरकारी बसें मुहैया कराई जाएं, लेकिन पंजाब सरकार ने सरकारी खजाने से कोई बस मुहैया नहीं कराई। राजकोष का इससे कोई लेना-देना नहीं है। रोष स्वरूप यूनियन ने फैसला लिया है कि मंगलवार से वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे जिसकी सारी जिम्मेदारी पंजाब सरकार की होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App