Strike : खाली हाथ लौटे हड़ताल तुड़वाने गए अफसर, नहीं माने पीस मील कर्मी

By: Dec 1st, 2021 12:08 am

नहीं माने पीस मील कर्मी; बैरंग लौटे डीएम, दूसरे दिन भी जारी रहा गतिरोध

स्टाफ रिपोर्टर – शिमला

एचआरटीसी की पीसमील कर्मचारियों की हड़ताल को तुड़वाने के लिए मंगलवार को एचआरटीसी के डिवीजनल मैनेजर दलजीत सिंह कर्मचारियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत की। साथ ही यह आश्वासन भी दिया कि उनकी मांगों को जल्द ही सरकार की ओर से मान लिया जाएगा। ऐसे में वे कर्मचारी अपनी हड़ताल को समाप्त कर वापस काम पर लौट आएं। डीएम शिमला दलजीत सिंह के मनाने पर भी पीस मील कर्मचारी नहीं माने और हड़ताल को जारी रखने का निर्णय लिया। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सरकार व प्रबंधन की ओर से उनकी मांगों को पूरा करने के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की जाती है, तब तक पीसमील कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि उन्हें सरकार व प्रबंधन के आश्वासन पर विश्वास नहीं है।

सरकार व प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों को लगातार आश्वासन दिए जाते रहे हें, लेकिन उनकी मांगों पर गौर तक नहीं किया जा रहा है। हिमाचल परिवहन निगम पीसमील कर्मचारी मंच की प्रधान खेम चंद, महासचिव एचके  शर्मा, संयुक्त सचिव मनोज पाल, उप प्रधान संजीव कुमार, प्रेस सचिव इत्यादि घनश्याम ठाकुर, जोगिंद्र, पप्पू कुमार सिंटू, रजत कुमार, विकास मेहरा, सुमन पठानिया  पीसमील कर्मचारियों का कहना है कि सरकार व निगम प्रबंधन ने पीसमील कर्मचारियों के साथ ठगी की है, जिसके कारण समस्त पीसमील कर्मचारी फिर से आंदोलन के रास्ते पर चलने को मजबूर हो गए हैं। उधर, उचआरटीसी प्रबंधन का कहना है कि पीस मील कर्मचारियों की मांगों को सर्विस कमेटी की बैठक में पूरा किया जाएगा। हालांकि यह अभी तय नहीं है कि सर्विस कमेटी की बैठक कब होगी।

नहीं हो पाई बसों की रिपेयर

एचआरटीसी की वर्कशॉप में मंगलवार को बसों की रिपेयर का काम नहीं हो पाया। बसों की रिपेयर पीसमील कर्मचारियों की हड़ताल के कारण नहीं हो पाई। एचआरटीसी की वर्कशॉप में पीसमील कर्मचारी बसों की रिपेयर करने का काम करते हंै।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App