प्रशासनिक कुप्रबंधन ने रुलाकर रख दिया

By: Jan 16th, 2022 12:53 am

एचआरटीसी ने भी महज 50 रूटों पर चलाई बसें, प्राइवेट बसें भी मुनाफे वाले रूटों पर ही दौड़ती आई नजर,ग्रामीण क्षेत्रों में और भी दिक्कतें

मंगलेश कुमार- हमीरपुर।
हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर ने शनिवार को सिर्फ 50 रूटों पर ही बसें चलाई। निगम के बाकि रूट पूरी तरह बंद रहे। अधिकतर बसें लांग रूटों पर ही दौड़ती नजर आई। ऐसे में यात्रियों को पूरा दिन लोकल रूटों पर बसों की कमी के चलते खासा परेशान होना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में एक से डेढ़ घंटे के उपरांत बसें रूटों पर चल रही थी। इसके चलते बस स्टॉप पर जगह-जगह यात्री बसों के इंतजार में खड़े नजर आए। लोगों को आने-जाने में खासी दिक्कतें झेलनी पड़ी। बता दें कि हमीरपुर जिला में फाइव डे लागू होने पर एचआरटीसी ने भी अपने लोकल रूटों में कटौती कर दी है। शनिवार को चार दर्जन के करीब रूटों पर ही बसें चलाई गई। ज्यादातर बसें लांग रूटों पर ही दौड़ती नजर आई। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के रूटों पर बसों की भारी कमी नजर आई।

क्योंकि प्राइवेट बस ऑपरेटरों ने भी फाइव डे के चलते अपने अधिकतर रूट बंद रखे। सिर्फ मुनाफे वाले रूटों पर ही प्राइवेट बसें दिन भर दौड़ती नजर आई। हमीरपुर से जाहू वाया लंबलू, हमीरपुर से बस्सी वाया ताल इत्यादि रूटों पर एक से डेढ़ घंटा देरी पर बसें चल रही थी। इसके चलते लोगों को घंटों इंतजार के बाद बस स्टॉप पर बसें मिल रही थी। लोग भी कम बस सुविधा के चलते खासे परेशान हुए। बस स्टॉप पर जगह-जगह यात्रियों की भरमार थी, लेकिन बसें कम होने के चलते बसों में भी भीड़ बढ़ गई थी। क्योंकि लोहड़ी पर्व व मकर सक्रांति पर्व मनाकर लोग घर लौट रहे थे।

ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के बस स्टॉप पर जगह-जगह यात्री बसों के इंतजार में खड़े नजर आए। हालांकि लांग रूटों पर एचआरटीसी व प्राइवेट बसें जरूर अपने-अपने टाइम पर दौड़ती नजर आई। लोगों की मानें तो पहले संडे को ही इस तरह की दिक्कतें झेलनी पड़ती थी। अब उन्हें हर शनिवार व रविवार को भी बसों की कमी के चलते परेशान होना पड़ेगा। सूत्रों की मानें तो निगम संडे को अढ़ाई दर्जन के करीब लांग रूटों पर ही बसें चलाएगा, जबकि हिमाचल पथ परिवहन निगम के सभी लोकल रूट्स बंद रहेंगे। लोगों को राहत मिले। (एचडीएम)

क्या कहते हैं उपमंडलीय प्रबंधक विवेक

उपमंडलीय प्रबंधक विवेक लखनपाल हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर ने बताया कि हमीरपुर डिपो में शनिवार को 50 रूटों पर ही बसें चलाई गई। इनमें ज्यादातर लांग रूट्स की बसें थी। फाइव डे के चलते बसों के लोकल रूट्स में यह कटौती की गई है। क्योंकि बाजार व ऑफिस बंद होने से यात्री कम हो गए हैं। सोमवार से ही बसें रूटीन में अपने रूटों पर चलेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App