नारी शक्ति पुरस्कार को आवेदन आमंत्रित

By: Jan 19th, 2022 12:02 am

कैथल, 18 जनवरी (निसं)

उपायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने नारी शक्ति पुरस्कार-2021 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। वर्ष 2021 के नारी शक्ति पुरस्कार के लिए 31 जनवरी, 2022 तक प्राप्त सभी आवेदनों, नामांकनों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ये पुरस्कार महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने को मान्यता देते हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा नारी शक्ति पुरस्कार-2021 अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च, 2022) के अवसर पर दिया जाएगा। महिला और बाल विकास मंत्रालय के सौजन्य से हर साल व्यक्तियों और संस्थानों को महिला सशक्तिकरण, विशेष रूप से कमजोर और हाशिए पर रहने वाली महिलाओं के लिए इनकी सेवा के सम्मान में नारी शक्ति पुरस्कार दिया जाता है। प्रत्येक विजेता को पुरस्कार में रूप में प्रमाणपत्र और दो लाख रुपए की नकद राशि दी जाती है। पुरस्कार सभी व्यक्तियों और संस्थानों के लिए खुले हैं। पुरस्कारों की अधिकतम संख्या (व्यक्तिगत और संस्थागत सहित) 15 हो सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App