धर्मशाला-मकलोडगंज पास-पास

By: Jan 20th, 2022 12:57 am

सीएम जयराम ठाकुर ने किया स्काई-वे का उद्घाटन, 283 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – धर्मशाला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को कांगड़ा जिला के धर्मशाला में 283.19 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 17 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। इसमें 207 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित धर्मशाला स्काई-वे भी शामिल है। जयराम ठाकुर ने 6.30 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित धौलाधार नेचर पार्क, उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला में 2.88 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पार्किंग, 8.40 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित धौलाधार गार्डन, 6.50 करोड़ रुपए की लागत से अंघर महादेव मंदिर परिसर में विकासात्मक कार्य, 97 लाख रुपए की लागत से विकसित बहुद्देश्यीय पार्क धर्मशाला, 10.50 करोड़ से चामुंडा मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य, 4.63 करोड़ की लागत से निर्मित आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर रझियाणा, 3.60 करोड़ से बज्रेश्वरी मंदिर परिसर में सुधार कार्य, 4.35 करोड़ से माता बाघ कांगड़ा में विकास कार्य और एडीबी के अंतर्गत 14.34 करोड़ की लागत से ज्वालामुखी में निर्मित पार्किंग का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने 3.58 करोड़ से निर्मित विलेज हार्ट कांगड़ा, दो करोड़ की लागत से निर्मित आरएफएसएल के टाइप-4 क्वाटर, धागवार में दो करोड़ की लागत से निर्मित मिल्क फेड के बिस्कुट प्लांट और 1.58 करोड़ से आरएफएसएल के डीएनए और साइबर कांंप्लेक्स खंड का भी लोकार्पण किया। जयराम ठाकुर ने 1.06 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले आरएफएसएल के एडवांस इंस्ट्रूमेंट लैब और 3.50 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड धर्मशाला की क्षेत्रीय प्रयोगशाला का शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने में धर्मशाला मकलोडगंज रोपवे मील का पत्थर साबित होगा। उन्हांने कहा कि महामारी के बावजूद इस रोपवे का निर्माण समयबद्ध पूर्ण किया गया। उन्होंने कहा कि यह परियोजनाएं पूर्ण होने पर विश्वभर से पर्यटकों को आकर्षित करेंगी।

ये रहे मौजूद

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, सांसद इंदु गोस्वामी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश चंद धवाला, विधायक बैजनाथ मुल्खराज प्रेमी, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मि धर सूद, मिल्कफेड के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, वूलफेड के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, जिला भाजपा अध्यक्ष चंद्रभूषण नाग, निदेशक पर्यटन अमित कश्यप व मंडल भाजपा अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी आदि उपस्थित थे।

पटवारियों को लैपटॉप

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महामारी के दौरान राज्य में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि दो वर्ष पूर्व प्रदेश में केवल दो ऑक्सीजन संयंत्र थे। जबकि आज 48 ऑक्सीजन संयंत्र मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग के पटवारियों को दक्षतापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के लिए लेपटाप भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री से मांगी सड़क

धर्मशाला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शाहपुर के धारकंडी के लोग अपनी सड़क की समस्या को लेकर धर्मशाला में मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हिमाचली ढोल व बाजों के साथ सीएम का स्वागत किया। साथ ही धारकंडी के लोगों के लिए बरनेट-घेरा रोड को जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू किए जाने की भी मांग उठाई। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App