कोरोना काल में देवियों के दरबार पर धन वर्षा, प्रदेश के पांच शक्तिपीठों में चढ़ा 59.88 करोड़ चढ़ावा

By: Jan 15th, 2022 12:06 am

आठ किलो 39 ग्राम सोना-पांच क्विंटल चार किलो चांदी मां के चरणों में अर्पित

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला

देव भूमि हिमाचल प्रदेश के सुप्रसिद्ध पांचों शक्तिपीठों में कोरोना महामारी के बावजूद श्रद्धालुओं के चढ़ावे से खूब धन वर्षा हो रही है। प्रदेश सहित देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु मां के चरणों में दिल खोलकर चढ़ावा अर्पित कर रहे हैं। प्रदेश के पांचों शक्तिपीठों में श्री बज्रेश्वरी देवी, श्री ज्वालामुखी, श्रीनयनादेवी, श्रीचामुंडा देवी तथा श्री छिन्नमस्तिका धाम चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं द्वारा मां के चरणों में वर्ष 2021 में 59 करोड़ 88 लाख 45 हजार 503 रुपए का धन अर्पित किया है। इसके अलावा प्रदेश के पांचों शक्तिपीठों में वर्ष 2021 में श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में आठ किलो 39 ग्राम 503 मिली सोना और पांच क्विंटल चार किलो 49 ग्राम 150 मिली चांदी चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुई है। प्रदेश में वर्ष 2021 में सबसे अधिक चढ़ावा चिंतपूर्णी मंदिर न्यास को प्राप्त हुआ है। उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि मंदिर न्यास चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में वर्ष 2021 में 21 करोड़ पांच लाख का धन अर्पित किया है। इसके अलावा मंदिर न्यास को चढ़ावे के रूप में दो किलो 841 ग्राम 80 मिली सोना और एक क्विंटल 27 किलो 23 ग्राम चांदी चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुई है। ज्वालामुखी में वर्ष 2021 में 11 करोड़ 15 लाख पांच हजार 225 रुपए चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए हैं।

श्री ज्वालामुखी मंदिर अधिकारी दिनानाथ यादव ने बताया कि श्रद्धालुओं की ओर से मां को चढ़ाए गए चढ़ावे में मंदिर न्यास को 648 ग्राम सोना और 58 किलो 992 ग्राम चांदी अर्पित की गई है। श्री चामुंडा देवी मंदिर न्यास को वर्ष 2021 में तीन करोड़ 13 लाख 16 हजार 24 रुपए चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए हैं। मंदिर अधिकारी अपूर्व शर्मा ने बताया कि मंदिर न्यास को वर्ष 2021 में 203 ग्राम 220 मिली सोना एवं 11 किलो 155 ग्राम 500 मिली चांदी श्रद्धालुओं ने मां को अर्पित की है। वहीं, कांगड़ा स्थित श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने 2021 में मां के चरणों में चार करोड़ 24 लाख 38 हजार 441 रुपये का धन अर्पित किया है। मंदिर अधिकारी ने दलजीत शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं ने 398 ग्राम 203 मिली सोना और 58 किलो 578 ग्राम 650 मिली चांदी मंदिर न्यास को चढ़ावे के रूप में मां को अर्पित की है। मंदिर न्यास श्रीनयनादेवी को 2021 में 20 करोड़ 30 लाख 85 हजार 813 रुपए का चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए हैं। मंदिर अधिकारी ने जगदीश शर्मा बताया कि वर्ष 2021 में श्रद्धालुओं ने तीन किलो 949 ग्राम सोना एवं दो क्विंटल 48 किलो 300 ग्राम चांदी मां के चरणों में अर्पित की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App