हिमाचल में थर्ड फ्रंट को जुगत

By: Jan 20th, 2022 12:53 am

राजन सुशांत बोले, कांग्रेस-भाजपा का फ्रेंडली मैच नहीं चलेगा

टीम-नगरोटा सूरियां, पालमपुर
प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनावों में तीसरे विकल्प के साथ प्रदेश में नई सरकार होगी। यह बात पूर्व सांसद पूर्व मंत्री डा. राजन सुशांत ने कही। सुशांत ने कहा कि देश की जनता ने भाजपा और कांग्रेस दोनों को देख लिया है। दोनों पार्टियों का जो बारी-बारी फ्रेंडली मैच होता था, इस बार खत्म होगा और हिमाचल में तीसरे विकल्प के रूप में उनकी पार्टी जनता के सहयोग से आएगी। डा. राजन सुशांत ने बताया कि वह अपने जनसंपर्क अभियान के तहत लोगों से मिल रहे हैं और पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे। प्रदेश में साफ छवि वाले नेताओं के साथ तीसरे विकल्प को साकार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए उपचुनावों में प्रदेश की भाजपा सरकार को पता चल गया होगा कि कार्यकर्ताओं और जनता की अनदेखी से क्या सबक मिलता है। जनता ने उपचुनावों में भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि ओपीएस, पुलिस पे बैंड और बेरोजगारी जैसे मसलों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने पौंग विस्थापितों की मांगें पूरी न करने के लिए जयराम सरकार को भी खूब कोसा।

पुलिस कर्मियों के संघर्ष को सपोर्ट
पालमपुर। प्रदेश में चौबीसों घंटे काम करने बाले पुलिस आरक्षकों के चल रहे संघर्ष को लेकर ‘हमारी पार्टी हिमाचल पार्टी के प्रदेश संयोजक एवं पूर्व लोक सभा सांसद डाक्टर राजन सुशांत आगे आ गए हैं जिन्होंने यह धमकी तक दे डाली है कि अगर सरकार ने पुलिस कॉन्स्टेबल की मांगें स्वीकार नहीं की तो वह धर्मशाला में पूरे जिला के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ 28 जनवरी को एक सांकेतिक धरना देंगे जिसके पश्चात कोई भी आंदोलन करने को पीछे नहीं हटेंगे।डाक्टर राजन सुशांत बुधवार को पालमपुर प्रेस क्लब में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App