हिमोत्कर्ष अमोदिनी महिला सशक्तिकरण के लिए फ्री राशन योजना को 15 फरवरी तक करें आवेदन

By: Jan 16th, 2022 12:45 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- ऊना
हिमोत्कर्ष अमोदिनी महिला सशक्तिकरण प्रकल्प के अंतर्गत पात्र विधवाओं को फ्री राशन योजना में वर्ष 2022-23 हेतु मेहनतकश विधवाओं के चयन के लिए आवेदन आमंत्रित किए है। हिमोत्कर्ष परिषद के प्रदेश महासचिव डा.रविंद्र सूद व जिलाध्यक्ष कर्णपाल सिंह मनकोटिया ने दी। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाएं 15 फरवरी, 2022 तक अपने आवेदन पत्र रोटरी गली ऊना स्थित हिमोत्कर्ष कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस पर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा करवा सकती है। उन्होंने कहा कि इसके लिए 55 वर्ष आयु तक की विधवा महिलाएं पात्र होगी। आवेदन करने वाली महिला को प्रदेश सरकार से विधवा पेंशन नहीं मिल रही हो, वहीं उनकी पारिवारिक आय भी 36 हजार रुपए वार्षिक से कम हो। उन्होंने कहा कि इसके लिए आवेदन पत्र परिषद के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते है,वहीं परिषद की बेवसाइट www.himotkarshparishad.com से भी डाउनलोड किए जा सकते है।

उन्होंने कहा कि आवेदन पत्र के साथ पति का मृत्यु प्रमाण पत्र, आवेदनकर्ता की दो पासपोर्ट साइज फोटो व आधार कार्ड तथा बैंक खाते की प्रति जमा करवानी होगी। उन्होंने कहा कि चयनित महिलाओं को वर्ष 2022-23 के तहत अप्रैल, 2022 से मार्च, 2023 तक हर माह 750 रुपए राशि का राशन उपलब्ध करवाया जाएगा। हिमोत्कर्ष प्रदेश महासचिव डा.रविंद्र सूद व जिलाध्यक्ष कर्णपाल सिंह मनकोटिया ने बताया कि 2013-14 वर्ष से शुरू इस प्रकल्प के तहत परिषद ने अभी तक 501 विधवाओं को करीब 34 लाख रुपए राशन व अन्य मद्द उपलब्ध करवाई है। उन्होंने कहा कि अभी इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर माह 500 रुपए का राशन प्रदान किया जाता है। इसे अगले वर्ष से बढ़ाकर 750 रुपए प्रति माह करने का परिषद ने निर्णय लिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App