गोरखपुर के कोर्ट परिसर में बड़ी वारदात, नाबालिग से रेप के आरोपी को पीडि़ता के पिता ने मारी गोली

By: Jan 22nd, 2022 12:08 am

एजेंसियां — गोरखपुर
गोरखपुर में शुक्रवार की दोपहर दीवानी कचहरी गेट पर नाबालिग से रेप के एक आरोपी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। मारे गए व्यक्ति का नाम दिलशाद हुसैन बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार वह बिहार का रहने वाला था। बताया जा रहा है पीडि़त लड़की के पिता ने उसकी हत्या की है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। कचहरी गेट पर हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड से वहां मौजूद अधिवक्ता भड़क गए हैं। वे कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिलशाद हुसैन कचहरी में एक वकील से मिलने आया था। इसी दौरान कचहरी के मेन गेट पर उसे गोली मार दी गई। आरोप है कि इस दौरान मौके पर कुछ पुलिसकर्मी मौजूद थे, जो गोली चलते ही भाग खड़े हुए हत्या के बाद एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि वह पीडि़ता का पिता है। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस की वकीलों से बहस भी हुई। लोग घटना के वक्त मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के भाग खड़े होने का आरोप लगा रहे थे, जबकि वकील कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का सवाल उठा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मारा गया शख्स दिलशाद हुसैन (30) नाबालिग से रेप के मामले में जमानत पर बाहर था। शुक्रवार को उसके केस की पहली तारीख थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लड़की के पिता ने उसे देखते ही गोली चला दी, लेकिन पहली गोली मिस कर गई तो दिलशाद भागने लगा। इसके बाद लड़की के पिता ने उसे दौड़ाकर पीछे से गोली मार दी। दिन दहाड़े सबके सामने हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान साइकिल स्टैंड पर मौजूद एक युवक ने हत्यारोपी को पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App