हिमाचल की ललिता वकील और विद्यानंद सरैक सहित 128 को पद्म पुरस्कार

By: Jan 26th, 2022 12:08 am

ब्यूरो — नई दिल्ली, शिमला

केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को दो हिमाचलियों सहित 128 गणमान्यों को पद्म पुरस्कार से नवाजने का ऐलान किया। कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए  हिमाचल के चंबा जिला से ललिता वकील तथा साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में ठियोग के विद्यानंद सरैक को पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा जाएगा। 128 पद्म पुरस्कारों में से चार को पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 107 को पद्मश्री से नवाजा जाएगा। विमान हादसे में शहीद हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत, भाजपा के दिवंगत नेता कल्याण सिंह के साथ प्रभा अत्रे को कला, राधेश्याम खेमका (मरणोपरांत) को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेख्नीय योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है।

 पद्म भूषण पाने वालों में कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद को पब्लिक अफेयर्स, विक्टर बनर्जी को आर्ट, गुरमीत बावा (मरणोपरांत) को आर्ट, बुद्धदेव भट्टाचार्य को पब्लिक अफेयर्स, नटराजन चंद्रशेखरन को ट्रेड एंड इंडस्ट्री, कृष्णा एल्ला और सुचित्रा एल्ला को ट्रेड एंड इंडस्ट्री, मधुर जाफरी को पाक कला, देवेंद्र झाझरिया को स्पोर्ट्स, राशिद खान  को आर्ट, राजीव महर्षि को सिविल सर्विस, सत्या नडेला को ट्रेड एंड इंडस्ट्री, सुंदर पिचाई को ट्रेड एंड इंडस्ट्री, साइरस पूनावाला को ट्रेड एंड इंडस्ट्री, संजय राजाराम (मरणोपरांत) को साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा प्रतिभा रे, स्वामी सचिदानंद व वशिष्ठ त्रिपाठी को लिटरेचर एंड एजुकेशन में विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। इसके अलावा दो हिमाचलियों सहित 107 को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है, जिनमें ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा और गायाक सोनू निगम इत्याादि का नाम शामिल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App