काष्ठकुणी शैली में बनेगा शिव मंदिर, चंडीगढ़ के सेक्टर-45 में निर्माण कार्य में जुटे किन्नौर के तीन कारीगर

By: Jan 19th, 2022 12:06 am

चंडीगढ़ के सेक्टर-45 में निर्माण कार्य में जुटे किन्नौर के तीन कारीगर

चंडीगढ़, 18 जनवरी (ब्यूरो)

चंडीगढ़ के सेक्टर-45 स्थित शिव मंदिर का नए सिरे से निर्माण किया जा रहा है। धार्मिक स्थल में पुरातन धार्मिक आस्था बनी रहे, इसी सोच के साथ मंदिर का नवनिर्माण किया जा रहा है। शिव मंदिर निर्माण गौरीशंकर सेवादल की तरफ से करवाया जा रहा है। शिव मंदिर को पुरातन एहसास दिलाने के लिए मंदिर में भगवान विश्वकर्मा की काष्ठकुणी शैली (लकड़ी) से मंदिर निर्माण हो रहा है। मंदिर का निर्माण कार्य अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। इसके लिए खासतौर पर कारीगर बुलाए गए हैं जो मंदिर निर्माण में जुटे हुए हैं। पुरातन शैली का निर्माण देश में सिर्फ हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के कारीगर ही करते हैं और मंदिरों में इसे स्थापित करते हैं।

सेक्टर-45 स्थित मंदिर में भी काष्ठकुणी शैली का निर्माण करने के लिए कारीगर रामदास, अमित और गोबिंद को किन्नौर से बुलाया गया है, जो अपने काम में जुटे हुए हैं। शिव मंदिर सेक्टर.45 के लिए काष्ठकुणी शैली में दरवाजों और खिड़की का निर्माण किया जा रहा है। कारीगरी की खासियत है कि इसमें नक्काशी के बाद दो लकड़ों को जोडऩे के लिए किसी प्रकार की कील का इस्तेमाल नहीं किया जाता, बल्कि नक्काशी द्वारा ही उसे आपस में जोड़ा जाता है। इसके अलावा समय के साथ इसकी नक्काशी भी फीकी नहीं पड़ती, बल्कि उसकी चमक पर कोई फर्क नहीं आता।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App