महानाटी में पर्यटकों ने मिलाए कदम से कदम

By: Jan 7th, 2022 12:55 am

देश के कोने-कोने से पहुंचे पर्यटकों ने भी डाली नाटी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मनाली
विश्वविख्यात पर्यटन नगरी मनाली में गुरुवार का दिन खास रहा। कुल्लवी परिधानों में सजी महिलाओं की नाटी और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की स्वर लहरियों के बीच पर्यटक भी स्वयं को थिरकने से रोक नहीं पाए। इस नाटी के दौरान मनाली के माल रोड में घूमने आए पर्यटक भी महिलाओं के साथ थिरकने के लिए विवश हो गए। राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल के मौके पर मनाली में गुरुवार को महानाटी का आयोजन किया गया। लेफ्ट बैंक की 500 से अधिक महिलाओं ने इस नाटी में भाग लिया। बर्फ की सफेद चादर से लिपटी मनाली में तीन फूल वाले सफेद पट्टू, दाठू, पारंपारिक आभूषणों से सुसज्जित महिलाओं ने नाटी डाली तो पूरा परिवेश गूंज उठा। इस बीच माल रोड के दोनों ओर पर्यटकों व स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। ऐजे म्हारी मनाली वे ओ, तुड़ गुडु रा बाजा जैसे कुल्लवी गीतों पर खूब धमाल मचा।

शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की पत्नी ने भी नाटी डाली। इस बीच मंच संचालक ने अंत में पर्यटकों को भी नाटी ज्वाइन करने के लिए कहां तो काफी संख्या में पर्यटक महिलाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर थिरकते हुए देखे गए। महाराष्ट्र के अनिल गोस्वामी ने बताया कि यह उनके लिए ऐतिहासिक पल हंै। उन्होंने इस नाटी को पहली बार देखा। खास यह रहा कि उन्हें महिलाओं के साथ इस नाटी में भाग लेने का भी अवसर मिला। पंजाब से आई रणजीता कौर ने कहा कि बर्फबारी के बीज इस तरह की संस्कृति भी उन्हें देखने को मिलेगी, उन्हें पता नहीं था। उन्होंने टीवी में ही इससे पहले नाटी देखी थी। आज यह नाटी देख वह रोमांचित हो
गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App