UP ELECTION: उत्तर प्रदेश के प्रचार अभियान में उतरे नड्डा और शाह, 300 सीट जीतने का दावा

By: Jan 22nd, 2022 12:03 am

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने अधिकांश विधान सभा सीटों पर उम्मीदवार तय करने के बाद एक बार फिर प्रचार अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी तेज कर दी है।

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और गृह मंत्री एवं पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उत्तर प्रदेश में प्रचार अभियान को गति देंगे। इस कड़ी में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के चुनाव अभियान के प्रभारी बनाए गए शाह आज मेरठ में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी अभियान को धार देने की रणनीति बनाएंगे। शाह उत्तर प्रदेश में पार्टी के स्टार प्रचारक भी हैं।

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर 300 सीट पर जीत का दावा कर रही भाजपा को आगामी चुनाव में भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपना पिछला प्रदर्शन दोहराने की चुनौती बरकरार है। उनके अलावा नड्डा भी आज आगरा और बरेली में संगठन की बैठकें कर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को वर्चुअल प्रचार अभियान की रणनीति से अवगत कराएंंगे। वह सुबह 10 बजे आगरा पहुंच कर राउली महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App