रिकांगपिओ में हिमाचल दिवस की धूम

By: Apr 16th, 2022 12:19 am

आईटीबीपी ग्राउंड में विधानसभा के उपाध्यक्ष डा. हंसराज ने की 75वें जिला स्तरीय समारोह की अध्यक्षता, ध्वजारोहण कर दी भव्य मार्च पास्ट को सलामी

मोहिंद्र नेगी — रिकांगपिओ
जिला स्तरीय 75वां हिमाचल दिवस समारोह किन्नौर जिला के मुख्यालय रिकांगपिओ के आईटीबीपी मैदान में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष डा. हंसराज ने की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम संदेश भी प्रसारित किया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष हिमाचल पदेश विधानसभा डा. हंसराज ने ध्वजारोहण किया व भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व हिमाचल पुलिस विभाग के उप निरीक्षक आशा राम ने किया। भव्य परेड में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, हिमाचल पुलिस, गृह रक्षा पुरुष व महिला, गृह रक्षा बैंड, एनसीसी, एनएसएस व स्काउट्स एंड गाइडस की टुकडिय़ों ने भाग लिया। इससे पूर्व आईटीबीपी मैदान पहुंचने पर उपाध्यक्ष हिमाचल पदेश विधानसभा डा. हंसराज का स्थानीय लोगों, पंचायती राज संस्थाओं के सदस्यों तथा जिला प्रशासन द्वारा पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया गया। डा. हंसराज ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल पदेश के गठन व पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने के उपरान्त प्रदेश सहित किन्नौर जिला ने अभूतपूर्वक विकास किया है।

उन्होंने कहा कि जिले के विकास में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय ठाकुर सेन नेगी का अभूतपूर्वक योगदान रहा है। उन्होंने प्रदेश में विकास की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के प्रति वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपनी पहली मंत्रिमंडल की बैठक में ही बिना किसी आय सीमा के वृद्धावस्था पैंशन प्राप्त करने की आयु को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया है जिसे अब घटाकर 60 वर्ष कर दिया गया है। इस फैसले से प्रदेश के एक लाख और लाभार्थी लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की उनके घर.द्वार के निकट शिकायतों का निवारण सुनिश्चित बनाने के लिए जन.मंच कार्यक्रम आरंभ किया गया है। अब तक प्रदेश में 244 स्थानों पर 25 जनमंचों का आयोजन किया गया जिसमें 54 हजार 565 लोगों की शिकायतों का निवारण सुनिश्चित किया है। किन्नौर जिला के विकास की चर्चा करते हुए डा. हंसराज ने कहा कि गत चार वर्षों के दौरान जनजातीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत जिले के लिए 346 करोड़ 87 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है और इस वित्त वर्ष के लिए 140 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। जिसके तहत जिले में कृषि तथा अन्य संबंध सेवाओं के लिए नौ करोड़ 71 लाख रुपए, ग्रामीण विकास व अन्य गतिविधियों के लिए नौ करोड़ छह लाख रुपए, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण के लिए 16 करोड़ 10 लाख रुपए की राशि का प्रावधान किया गया है। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App