सोलन को बीपीईओ आफिस की सौैगात

प्रदेश सरकार ने नोटिफिकेशन जारी, कुल 67 विद्यालयों को मिलाकर होगा गठन, शिक्षा विभाग- प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने शुरू की तैयारियां

स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
वर्षों के इंतज़ार के बाद आखिरकार सोलन जिला मुख्यालय को अपना प्रारंभिक शिक्षा खंड कार्यालय (बीपीईओ) मिल ही गया। सोलन शिक्षा खंड कार्यालय को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है। सोलन शिक्षा खंड कार्यालय जिला का 9वां शिक्षा खंड होगा। कुठाड़, कंडाघाट व धर्मपुर शिक्षा खंडों को विभाजित कर कुल 67 विद्यालयों को मिलाकर इसका गठन किया जाएगा। इसको लेकर प्रारंभिक शिक्षा निदेशक द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और सोलन शहर के पुुंजविला स्थित स्कूल में इसका कार्यालय स्थापित किया जाएगा।

इसे विडंबना कहें या फिर अव्यवस्था, लेकिन आज तक जिला मुख्यालय सोलन को अपना प्रारंभिक शिक्षा खंड नहीं मिल पाया था। इस कारण सोलन शहर के स्कूल व शहर के साथ लगते स्कूलों को अन्य शिक्षा खंडों के अंतर्गत रखा गया था। हैरानी की बात तो यह थी कि सोलन शहर के दोनों प्रमुख स्कूल कुठाड़ शिक्षा खंड के अंतर्गत थे, जो कि लगभग 30-35 किमी. दूर है। ऐसा ही कुछ हाल अन्य स्कूलों का भी था जिन्हें धर्मपुर या फिर कंडाघाट शिक्षा खंड के अंतर्गत रखा गया था। इस कारण इन स्कूलों के प्रबंधन वर्ग को अपने खंड स्तरीय कार्यों के लिए कई किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था। पिछले कई दशकों से सोलन में नया प्रारंभिक शिक्षा खंड खोले जाने की मांग की जा रही थी। वहीं, वर्तमान सरकार के समक्ष भी इस मुद्दे को प्रमुखता से रखा गया था और अब इस मांग को पूरा कर दिया गया है। बीती 20 मई को इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी गई है और इसकी कॉपी उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग सोलन को भी मिल गई है। अधिसूचना की कॉपी मिलते ही उपनिदेशक कार्यालय ने इसको लेकर तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं। सोलन प्रारंभिक शिक्षा खंड का कार्यालय पुंजविला में खोला जाएगा। इस शिक्षा खंड में धर्मपुर, कुठाड़ व कंडाघाट को विभाजित कर कुल 67 स्कूलों को शामिल किया गया है। सोलन को नया प्रारंभिक शिक्षा खंड बनाने के बाद अब जिला में 9वां प्रारंभिक शिक्षा खंड हो गए हैं। सुविधा मिलेगी।

क्या कहते है संघ के जिलाध्यक्ष कमल चंद
सोलन में प्रारंभिक शिक्षा खंड खोले जाने की अधिसूचना जारी होने पर सीएंडवी अध्यापक संघ ने खुशी जताई है। संघ के जिलाध्यक्ष कमल चंद ने इस अधिसूचना को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर व शिक्षा विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सोलन में शिक्षा खंड न होने से यहां के स्कूलों को काफी दिक्कतें पेश आ रही थी।

क्या कहते हैं उपनिदेशक प्रारंभिक दीवान चंद
उपनिदेशक प्रारंभिक दीवान चंद शिक्षा विभाग ने बताया कि सोलन में नया प्रारंभिक शिक्षा खंड खोले जाने की अधिसूचना जारी हो गई है। धर्मपुर, कुठाड़ व कंडाघाट शिक्षा खंड को विभाजित कर नए खंड में 67 स्कूल शामिल किए गए हैं। पंद्रह दिनों के भीतर पुंजविला में प्रारंभिक शिक्षा खंड का कार्यालय आरंभ कर दिया जाएगा।