Gyanvapi: कड़ी सुरक्षा के बीच ज्ञानवापी मस्जिद में वीडियोग्राफी सर्वे शुरु, परिसर की नाकाबंदी

By: May 15th, 2022 12:07 am

एजेंसियां — वाराणसी
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थानीय अदालत के आदेश पर ज्ञानवापी मस्जिद में स्थित तहखानों और अन्य भागों का वीडियोग्राफी सर्वे का काम शनिवार को हुआ। सर्वे में बहुत कुछ मिलने का दावा किया है। ङ्क्षहदू और मुस्लिम पक्ष के वकीलों के अनुसार पूर्वनिर्धारित समयानुसार सुबह 08 बजे से 12 बजे तक सर्वे का आधा काम कर लिया गया। शेष काम रविवार को होगा। शनिवार के सर्वे में अदालत द्वारा नियुक्त एडवोकेट कमिश्नर के नेतृत्व में सर्वे दल मस्जिद में स्थित चार तहखानों में गया। इनमेंं से कुछ तहखाने मस्जिद प्रबंधन के कब्जे में हैं, जबकि अन्य काशी विश्वनाथ मंदिर के न्यास परिवार के स्वामित्व में हैं। न्यास परिवार पिछले अनेक वर्षों से अपने तहखाने में प्रवेश नहीं कर सका था। शनिवार को पहले दिन का सर्वे समाप्त हो गया। सर्वे दल के अनुसार रविवार को मस्जिद के ऊपरी भाग का वीडियोग्राफी सर्वे होगा। एडवोकेट कमिश्नर अजय मिश्र और वादी-प्रतिवादी पक्ष के 50 से ज्यादा लोग परिसर के अंदर गए थे।

दोनों पक्षों के वकीलों ने शनिवार के सर्वे के बारे में कोई जानकारी देने से इनकार किया। उनका कहना है कि न्यायालय के निर्देश के अनुसार सर्वे से जुड़ी गोपनीय रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत की जानी है। इधर, मीडिया से बातचीत में वादी पक्ष के वकील ने दावा किया कि सभी साक्ष्य हमारे साथ हैं। अदालत 17 मई को इस मामले में सुनवाई करेगी। ज्ञानवापी मस्जिद के आसपास सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। 500 मीटर के दायरे में सभी दुकानें बंद करा दी गई थीं। डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने दावा किया कि दर्शनार्थियों को किसी तरह की कोई असुविधा न हो, इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है। सर्वे का कार्य 15 मई को भी जारी रहेगा। 15 मई को ज्ञानवापी मस्जिद के भीतर और ऊपर के कुछ कमरों के साथ ही पश्चिमी दीवार और अन्य दीवारों का भी सर्वे होगा। सर्वे का कार्य कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। क्या तहखाना फिर से खोला जाएगा या नहीं, कहा जा रहा है कि इसे लेकर फैसला कोर्ट कमीशन लेगा। मस्जिद के सर्वे के दौरान किसी तरह की कोई बाधा न आए, इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। बुलानाला की ओर से विश्वनाथ मंदिर जाने वाले रास्ते पर किसी को पैदल भी जाने की इजाजत नहीं दी जा रही थी। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पूरे इलाके को सील कर दिया गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App