चीन-रूस ने वीटो लगा बैन से बचाया उत्तर कोरिया

By: May 28th, 2022 12:02 am

एजेंसियां — संयुक्त राष्ट्र

उत्तर कोरिया के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र में कड़े प्रतिबंध लगाने की अमरीका के प्रयास को उस समय बड़ा झटका लगा जब उत्तर कोरिया के खिलाफ कड़े प्रतिबंधों के मसौदे पर चीन और रूस ने अपना वीटो लगा दिया। अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन हाल ही में क्षेत्रीय सुरक्षा और व्यापार पर चर्चा करने के लिए दक्षिण कोरिया और जापान के दौरे पर गए थे। जिसके बाद ही उत्तर कोरिया ने जापान सागर की ओर तीन बैलिस्टिक मिसाइलों का प्रक्षेपण किया। इसके मद्देनजर अमेरिका ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उत्तर कोरिया के खिलाफ प्रतिबंध में सख्ती लाए जाने को लेकर एक प्रस्ताव की पेशकश की थी। जिस पर चीन और रूस ने अपने वीटो पावर का अधिकार का इस्तेमाल किया।

मसौदे की एक प्रति के मुताबिक इस प्रस्ताव में 2006 में उत्तर कोरिया के पहले मिसाइल परीक्षण के बाद उसके ऊपर प्रतिबंध लगाए थे और उसके परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम के चलते प्रतिबंध और कड़ा किया जाता रहा। इसके अलावा, इसमें उत्तर कोरिया द्वारा खनिज ईंधन, खनिज तेल और उनके आसवन के अन्य उत्पादों के साथ-साथ बिटुमिनस पदार्थ, खनिज मोम और घडिय़ों के निर्यात पर भी प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की गई है और साथ ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सभी सदस्य देशों पर उत्तर कोरिया से इन उत्पादों के आयात पर भी रोक लगाने की बात कही गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App