कुटलैहड़ कांग्रेस में टिकट के लिए गुटबाजी

By: Jun 26th, 2022 12:10 am

जतिंद्र कंवर—ऊना
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर से गुटबाजी उभर कर सामने आई है। कुटलैहड़ कांग्रेस में टिकाटार्थियों की बढ़ती संख्या व उन सबके अपनी डफली-अपना राग अलापने से कांग्रेस की फूट फिर उजागर हुई है। प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आते जा रहे है,टिकट के चाह्वान नेता भी खुलकर अपनी दावेदारी जताने के साथ लोगों के बीच घूमने लगे है। लेकिन कांग्रेस के इन नेताओं के इस प्रकार से क्षेत्र में जनता के बीच जाना पार्टी के ही कुछ लोगों को रास नहीं आ रहा है। ऐसे में इन नेताओं के विरूद्ध अपने स्तर पर ही कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग करके पार्टी का एक धड़ अपने विरोधियों पर नकेल कसने की कवायद में जुट गया है।

गौरतलब है कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र लंबे अरसे से कांग्रेस पार्टी के लिए वेदना का विषय बना हुआ है। पिछले लगातार सात विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को यहां से हार का स्वाद चखना पड़ा है। वहीं, भाजपा यहां से लगातार छह विधानसभा चुनाव जीत कर जीत का छक्का लगा चुकी है। इस दफा यहां से भाजपा के वीरेंद्र कंवर लगातार चौथी दफा चुनाव जीत कर प्रदेश सरकार में सशक्त मंत्री के रूप में काम कर रहे है तथा पांचवीं बार विधानसभा चुनावों में उतरने की पूरी तैयारी कर रहे है। वहीं, दूसरी तरफ खेमों में विभक्त कांगे्रस अभी भी यहां पर फूट का शिकार है। कांग्रेस में दो दर्जन से अधिक नेता यहां पर टिकट पर अपनी दावेदारी हर चुनावों में जताते आए हैं। वहीं, कांग्रेस हाईकमान द्वारा यहां पर कांग्रेस को एकजुट करने की तमाम कोशिशे नाकाम ही साबित होती दिखाई दे रही हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App