हरियाणा में भाजपा को दस सीटें

By: Jun 23rd, 2022 12:02 am

18 नगर परिषदों में चुनाव, निर्दलीय उम्मीदवारों को भी जबरदस्त रिस्पांस

चंडीगढ़, 22 जून(ब्यूरो)

हरियाणा में हुए नगर परिषद चुनावों के लिए मतगणना के बाद 18 नगर परिषदों में से इस बार 10 के अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा हो गया है। इनमें गोहाना, जींद, झज्जर, बहादुरगढ़, चरखी दादरी, कालका, सोहना, फतेहाबाद, कैथल, पलवल में पार्टी के उम्मीदवार जीते हैं। वहीं हांसी, नरवाना, नारनौल, टोहाना, भिवानी, होडल में निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं। नूंह में अध्यक्ष पद पर जजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। मंडी डबवाली में इनेलो समर्थित अध्यक्ष पद पर जीता है। वहीं पिछले कार्यकाल को देखें तो 13 नगर परिषदों के अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा था। इस बार तीन निकायों में नुकसान हुआ है। वहीं कांग्रेस को पिछली बार 4 निकायों में जीत मिली थी। इस बार कांग्रेस ने पार्टी सिंबल पर चुनाव नहीं लड़ाए प्रत्याशियों को सिर्फ समर्थन ही दिया है। वहीं कालका में पहली बार चुनाव हुआ है।

पंचकूला जिले में कालका नगर परिषद के चेयरमैन पद पर भाजपा के कृष्ण लाल लांबा ने जीत हासिल की। लांबा ने निर्दलीय उम्मीवार पवन कुमारी शर्मा को हराया। लांबा को 20829 और पवन कुमारी शर्मा को 14348 वोट मिले। 1361 वोटों से आगे रहीं। निर्दलीय कांग्रेस समर्थित निशा लखीना ने 861 वोट हासिल किए। वहीं निर्दलीय अमरजीत चौहान को 724 वोट मिले। काउंटिंग सेंटरों के बाहर पुलिस बल तैनात है। सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए।प्रत्याशियों के समर्थक भी काउंटिंग सेंटर के बाहर जुटे रहे। प्रत्याशियों की हार.जीत का फैसला दोपहर तक हो गया। साथ ही कई सत्ताधारी नेताओं के साथ.साथ विपक्षी नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी थी। 19 जून को वोटिंग हुई थी। मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा के साथ जेजेपीए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस समर्थितों के बीच रहा। यह पहला मौका है जब आम आदमी पार्टी हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनाव लड़ा। अध्यक्ष पद के कुल 185 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हुआ। 18 नगर परिषदों के कुल 456 वार्ड हैं। अध्यक्ष पद के लिए कुल 185 उम्मीदवार मैदान में थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App