अपनी हद में रहे भाजपा, ईडी द्वारा कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को पूछताछ को बुलाने पर भडक़ी कांग्रेस

 जिला में किया विरोध प्रदर्शन

नगर संवाददाता- ऊना
नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर ईडी द्वारा कांग्रेस के शीर्ष नेताओं सोनिया गांधी व राहुल गांधी को पूछताछ के लिए बुलाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऊना मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की अगवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर गुब्बार निकाला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अगर भाजपा ने सीमा लांघने की कोशिश की तो इसका करारा जबाव दिया जाएगा। धरना प्रदर्शन में ऊना विस क्षेत्र से विधायक सतपाल सिंह रायजादा, पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार और पूर्व राष्ट्रीय सचिव राकेश कालिया समेत तमाम नेता मौजूद रहे। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विरोधियों को कुचलने के लिए सरकारी जांच एजेंसियों का दुरूपयोग कर रही है और यह देश की राजनीति में एक गलत रिवायत है।

उन्होंने डायरेक्टरेट आफ एनफोर्समेंट और सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन को भारतीय जनता पार्टी के मोर्चे और प्रकोष्ठ की संज्ञा देते हुए इनका जमकर दुरुपयोग होने की बात कही। नेता प्रतिपक्ष ने दो टूक शब्दों में भाजपा सरकार को चेतावनी दी है कि यदि राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने लक्ष्मण रेखा को पार करने का प्रयास किया तो देश भर में इसके गंभीर परिणाम भुगतने के लिए भाजपा को तैयार रहना होगा। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने कहा कि भाजपा कुछ दिनों की सरकार रह गई है। भाजपा की गलत नीतियों के कारण देश के लोग परेशान है। भाजपा अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को टारगेट कर रही है, जिसे कदापि सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश सहित प्रदेश में महंगाई का खूब बोलबाला है। गैस सिलेंडर 1100 के पास पहुंच चुका है। सरसों का तेल अढाई सौ रुपए, सहित अन्य खाद्य सामग्री काफी महंगी हो गई है। इतनी महंगाई में गरीब आदमी चुल्हा कैसे जला पाएगा। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार पूरी तरह से विफल हो गई है। लोगों का विश्वास भाजपा पर से उठ चुका है। लोगों ने कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना लिया है।