डंपिंग साइट का दौरा कर जांची व्यवस्था

शहरी विकास विभाग के निदेशक मनमोहन शर्मा ने सलोगड़ा का किया निरीक्षण, बैठक में विकास कार्यों पर की चर्चा
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
शहरी विकास विभाग के निदेशक मनमोहन शर्मा सोलन के सलोगड़ा स्थित डंपिंग साइट का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम की डंपिंग साइट लगाए जाने वाले बाइब्रेटर को लेकर व्यवस्था को जांचा। यह वाइब्रेटर कूड़े को अलग-अलग कर देगा। इसमें प्लास्टिक, कपड़ा, मिट्टी और कंपोस्ट बनाने वाले कचरे को अलग-अलग भागों में बांटे देगा। निगम के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि मौजूदा समय में डंपिंग साइट पर आरडीएफ लगाया गया है जो पूरी तरह से कूड़े को अलग नहीं कर पा रहा है। क्योंकि इसकी क्षमता कम है। ऐसे में उन्होंने यहां पर बाइब्रेटर लगाने के आदेश दिए।
यह अगले 15 दिनों में यहां पर स्थापित कर दिया जाएगा। उसके बाद उन्होंने निगम महापौर पूनम ग्रोवर, उप महापौर राजीव कौड़ा और आयुक्त राजीव कुमार के साथ बैठक की। उन्होंने शहर में चल रहे विकास कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने ऑनलाइन बिलिंग सिस्टम, ई-नगर निगम के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने खामियों को दुरुस्त करने के भी आदेश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को ऑनलाइन सिस्टम से परेशानी न आए इसका ध्यान रखा जाए। उन्होंने शूलिनी मेले की तैयारियों का भी जायजा लिया।