चुनावी साल…भाजपा-कांग्रेस हर दिन खेल रही सियासी दांव

By: Jun 26th, 2022 12:55 am

कांगड़ा किले को फतेह करने के लिए दोनों दल खूब लगाने लगे जोर, कांगड़ा-चंबा की 20 सीटों पर टिकीं निगाहेंं

पवन कुमार शर्मा – धर्मशाला
विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा व कांग्रेस अब हर दिन नए नए सियासी दांव खेलने लगी हैं। जून माह में भाजपा के कांगड़ा में अगे्रसिव कंपेन के बाद अब कांग्रेस ने भी प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा पर फोकस कर दिया है। कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा, सह प्रभारी संजय सहित अन्य नेता विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बड़े कार्यक्रम कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने लगे हैं। कांग्रेस ने शनिवार को गद्दी समुदाय की उपजातियों को गद्दी समुदाय का दर्जा दिलाने का कार्ड खेला तो भाजपा ने प्रदेश भर में 25 जून को आपतकाल का काला दिन बताते हुए लोगों को भावनात्मक टच देने का सियासी दांव चला। सितंबर माह में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के लिए अब भाजपा व कांग्रेस की निगाहें कांगड़ा-चंबा की 20 सीटों पर टिकी हैं।

ऐसे में अब दोनों ही दल कांगड़ा व चंबा के लोगों से जुड़े मुद्दों को भुनाने में जुट गए हैं।
कांग्रेस ने प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा को प्रदेश के इस सबसे बड़े क्षेत्र को साधने व माहौल बनाने का जिम्मा सौंपा है। इससे पहले यहां प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री भी प्रवास कर चुके हैं। वहीं पहली जुलाई को सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी धर्मशाला में अग्पिथ योजना के विरोध में प्रदर्शन करने का ऐलान कर चुके हैं। इतना ही नहीं, पहली जुलाई को ही कांग्रेस के केंद्रीय नेता कैप्टन प्रवीन दावर बांग्लादेश की आजादी के 50 वर्ष पूरे होने पर सममेलन करने वाले हैं। ऐसे में अब कांग्रेस ने भी अपने कार्यक्रमों को कांगड़ा पर केंद्रित करते हुए प्रदेश के सबसे बड़े जिला को साधने की मुहिम शुरू कर दी है। गौरतलब है कि पिछले दिनों भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड़ शो करवाने सहित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लगातर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों मेंं प्रवास कर नई-नई घोषणाओं से पार्टी के पक्ष में माहौल बना रहे हैं। -(एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App