सिरमौर में कांग्रेस का हर दांव फेल
जिला सिरमौर कांग्रेस कमेटी को भंग किए जाने के बाद एकजुटता होगी चुनौती
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
हिमाचल प्रदेश में चुनावी वर्ष में ही विवादित हुई सिरमौर कांग्रेस की गुटबाजी का पटाक्षेप होता नजर नहीं आ रहा है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला सिरमौर कांग्रेस कमेटी को भंग किए जाने के बाद भी सिरमौर जिला में कांग्रेस का डैमेज कंट्रोल नजर नहीं आ रहा है। अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लिए यह चुनौती बन गया है कि आखिरकार किसी समय कांग्रेस का गढ़ रहा जिला सिरमौर किस प्रकार पटरी पर लाया जाए। शिमला में प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला द्वारा दी गई नसीहत भी सिरमौर में फेल हो गई है। सिरमौर कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रहे रूपेंद्र ठाकुर पर हुए जानलेवा हमले के बाद भले ही जिला सिरमौर कार्यकारिणी भंग कर दी गई हो, मगर डैमेज कंट्रोल होता कहीं भी नजर नहीं आ रहा है।
अब हालात यह हैं कि दोनों गुट अपनी-अपनी ढफली अपना अपना राग अलाप रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के जन्मदिवस को विकास दिवस मनाए जाने के उपलक्ष्य पर नजर आया। एक गुट ने कांग्रेस भवन में विकास दिवस मनाया तो दूसरे ने आस्था स्कूल में। कहां तो डैमेज कंट्रोल होना चाहिए था मगर यहां तो ओर विड्रॉल बढ़ गया है। जिला में हर्षवर्धन गुट कांग्रेस का सबसे मजबूत धड़ा है, जबकि दूसरा गुट अपने वर्चस्व की जंग में जुटा हुआ है। कथित झगड़े के बाद नाहन सीट के लिए तीसरा विकल्प भी हाईकमान के द्वारा बड़े ही गुपचुप तरीके से तलाशा जा रहा है। ऐसे में कहीं न कहीं भाजपा की दावेदारी नाहन सीट के लिए अपने आप पुख्ता होती भी नजर आती है। हालांकि जीआर मुसाफिर एक सुलझे हुए राजनीतिज्ञ हैं, मगर उन्होंने अभी संगठन को लेकर किसी भी तरह के पत्ते नहीं खोले हैं। यही नहीं दो धड़ों में बंटी कांग्रेस जिला सिरमौर में भाजपा के लिए मुफ्त का लड्डू परोसती नजर आ रही है। रेणुकाजी सीट को कांग्रेस के लिए बड़ी मजबूत माना जाता था, मगर रूपेंद्र ठाकुर प्रकरण के बाद क्षेत्र का एक बड़ा स्वर्ण वर्ग पारिवारिक रिश्तों के चलते विनय कुमार से अलग आ चुका है। पांवटा साहिब में कांग्रेस की स्थिति तूफान के बाद उखड़े हुए पेड़ जैसी हो चुकी है। कुल मिलाकर जिला सिरमौर में कांग्रेस के बीच जो गहरी खाई बनी है उसका पटाक्षेप हो पाना अब मुश्किल हो गया है।