बिजली बोर्ड में पूर्व सैनिकों को नौकरी, चालकों के 15 पदों पर होगी भर्ती, तीन खिलाडिय़ों के लिए

विशेष संवाददाता — शिमला
बिजली बोर्ड में पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार का अवसर है। ऐसे पूर्व सैनिक जो वाहन चलाना जानते हों, अब दोबारा नौकरी के निए आवेदन कर सकते हैं। बिजली बोर्ड ने पूर्व सैनिकों के लिए 15 पद आरक्षित किए हैं। इन पदों पर चालकों की भर्तियां होनी हैं और यह सभी भर्तियां नए आर एंड पी नियमों के तहत की जाएंगी। बिजली बोर्ड के प्रबंध निदेशक पंकज डढवाल ने बताया कि बोर्ड इस बार सौ पदों पर भर्ती आयोजित कर रहा है। इसमें 15 पद पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित किए गए हैं, जबकि अन्य पद सीधी भर्ती और खेल कोटे के माध्यम से भरे जाएंगे। उन्होंने बताया कि बोर्ड में खिलाडिय़ों के लिए तीन पदों को आरक्षित किया गया है। बोर्ड इन पदों पर उन खिलाडिय़ों को अवसर देगा, जो राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके होंगे। उन्होंने कहा कि भर्ती को लेकर तमाम प्रबंध पूरे हो चुके हैं।
जल्द ही आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे और उसके बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों को बिजली बोर्ड तवज्जो दे रहा है। यह व्यवस्था भविष्य में भी जारी रहेगी। बिजली बोर्ड ने इस बार 100 पदों के लिए भर्ती की तैयारी की है। यह सभी पद चालकों के ही भरे जाएंगे। भविष्य में बोर्ड दूसरे पदों के लिए भी भर्ती प्रक्रिया आयोजित करेगा और उसमें भी सेना के जवानों के लिए आरक्षण का प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भर्ती से जुड़ी सभी जानकारी बिजली बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई हैं। स्थानीय स्तर पर भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह सभी पद अनुबंध आधार पर ही भरे जाएंगे। भर्ती के नियम और सेवा शर्तें तय की जा चुकी हैं, सभी आवेदकों को चयन के बाद उनका अनुसरण करना होगा।