कचहरी चौक पर स्मार्ट प्रोजेक्ट के काम का विरोध

By: Jun 26th, 2022 12:45 am

हनुमान मंदिर के सामने शौचालय और सिटिंग प्लेस के निर्माण पर कचहरी व्यापार मंडल का फूटा गुस्सा

सिटी रिपोर्टर-धर्मशाला
स्मार्ट सिटी धर्मशाला के मुख्य चौक कचहरी अड्डा में शौचालय और सिटिंग प्लेस के निर्माण को लेकर कचहरी व्यापार मंडल ने मोर्चा खोल दिया है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत चल रहे निर्माण कार्य का विरोध व्यापार मंडल के सदस्य और स्थानीय लोग कर रहे हैं। उनकी यह मांग है कि मंदिर के सामने शौचालय का निर्माण न किया जाए। धर्मशाला का कचहरी चौक शहर का सबसे व्यस्त और पूरा दिन लोगों की आवाजाही से भरा रहने वाला चौक है। वहीं सुबह और शाम लोग हनुमान मंदिर में माथा टेकने और आरती में शामिल होने के लिए आते हैं। ऐसे में शौचालय बनने से मंदिर की शोभा खराब होगी। इसके चलते कचहरी व्यापार मंडल धर्मशाला के लोग इस निर्माण कार्य का विरोध कर रहे हैं।

निर्माण कार्य के विरोध को लेकर कचहरी व्यापार मंडल धर्मशाला के सदस्य शनिवार को नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त प्रदीप ठाकुर से मिले। व्यापार मंडल कचहरी के अध्यक्ष अनीश लूथरा ने कहा कि मंदिर के सामने और शहर के मुख्य चौक पर शौचालय का निर्माण नहीं किया जाना चाहिए। इससे चौक की सुंदरता खराब हो रही है। हालांकि इस दौरान आयुक्त प्रदीप ठाकुर ने व्यापार मंडल के सदस्यों को निर्माण कार्य के बारे में समझाया और सोमवार को खुद साइट पर आकर स्थानीय लोगों और व्यापार मंडल के सदस्यों को डिजाईन दिखाने की बात भी की। वहीं व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनीश लूथरा का कहना है कि अगर स्थानीय लोगों को निर्माण कार्य का डिजाइन पसंद नहीं आता है, तो वह निर्माण कार्य नहीं होने देंगे। इस दौरान व्यापर मंडल के सदस्यों में रजनीश, कमल शर्मा, हरबंस, जगदीश सिंह और बिन्नी समेत अन्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App