केलांग से कुल्लू रैफर गर्भवती महिला की 108 एंबुलेंस में सफल डिलीवरी

By: Jun 16th, 2022 12:12 am

निजी संवाददाता- केलांग
मंगलवार रात को केलांग अस्पताल से कुल्लू के लिए रेफर गर्भवती महिला शर्मिला का 108 एम्बुलेंस में सफल प्रसव करवाया। प्रसव के लिए 108 कि टीम महिला को केलंग से कुल्लू का रही थी कि आधे रास्ते में रात पौने 12 बजे महिला को प्रसव की दर्द हुई। 108 की टीम में शामिल ईएमटी लक्ष्मीचंद और पायलट सुरेश कुमार ने तंदु के पास महिला का सफल प्रसव करवाया। शर्मिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद महिला को फिर से वापिस केलांग अस्पताल में ही एडमिट करवाया। महिला के पति डिंपू थापा ने 108 एंबुलेंस स्टाफ का आभार जताया है। जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के दूरदराज क्षेत्रों में 108 एम्बुलेंस लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है।

लोगों को 24 घंटे 108 के कर्मचारियों द्वारा सराहनीय सेवाएं दी जा रही है। 108 एंबुलेंस प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि जनजातीय जिला लाहुल स्पीति के लोगों को 24 घंटे दिन रात आपातकाल सेवाएं दी जा रही है। जिससे 108 एंबुलेंस स्टाफ गर्भवती महिलाओं, बीमार बुजुर्गों, हादसे में घायल लोगों को तुरंत प्राथमिक उपचार व घायलों को अस्पतालों में पहुंचाने में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने ईएमटी लक्ष्मीचंद और पायलट सुरेश कुमार सराहनीय कार्य के लिए शुभकामनाएं दी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App